होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Gwalior Police: ग्वालियर पुलिस का कारनामा, आरोपियों की जगह थाने के गेट पर टांग दी हथकड़ी! 

Gwalior Police: ग्वालियर पुलिस का कारनामा, आरोपियों की जगह थाने के गेट पर टांग दी हथकड़ी! 

राजेश सोनी, डबरा: अपराधियों में डर और आम जन में विश्वास का नारा देने वाली मध्य प्रदेश पुलिस का एक ऐसा चेहरा सामने आया है, जो खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। ग्वालियर जिले के पिछोर थाने से एक बेहद शर्मनाक और अजीबो-गरीब वाकया सामने आया है, जहां रात के वक्त पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा का जिम्मा संभालने के बजाय थाने के मुख्य चैनल गेट पर ही हथकड़ी फंसाकर उसे बंद कर दिया और खुद अंदर गहरी नींद सो गए।

चिल्लाता रहा फरियादी, नहीं खुली नींद

पूरा मामला बीती रात का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, एक पीड़ित अपनी गंभीर शिकायत लेकर न्याय की आस में देर रात पिछोर थाने पहुंचा था। लेकिन जैसे ही वह थाने के मुख्य द्वार पर आया, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गया। थाने के मुख्य लोहे के गेट को किसी सामान्य ताले से नहीं, बल्कि आरोपियों को पहनाने वाली हथकड़ी डालकर लॉक किया गया था। पीड़ित न्याय के लिए करीब 1 घंटे तक गेट के बाहर खड़ा होकर चिल्लाता रहा, आवाजें लगाता रहा।

लेकिन अंदर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी और वे चैन की बंसी बजाते रहे। आखिर में जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो थक-हारकर फरियादी को बिना शिकायत दर्ज कराए ही बैरंग अपने घर वापस लौटना पड़ा।

वायरल हुआ हथकड़ी वाला गेट

इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह जनता की सुरक्षा करने वाले थाने के दरवाजे पर ही हथकड़ी लटकी हुई है। यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के आला अधिकारियों की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्त के दावों की पोल खुल गई है।

सिस्टम पर खड़े सवाल

इस घटना ने ग्वालियर पुलिस प्रशासन के अनुशासन और जिम्मेदारी को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जिन्हें 24 घंटे नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है, अगर वही रात को थाने का दरवाजा बंद कर सो जाएंगे, तो आम आदमी किसके पास जाएगा? यदि उस 1 घंटे के दौरान फरियादी के साथ कोई अनहोनी हो जाती या कोई बड़ी वारदात घट जाती, तो इसका जिम्मेदार कौन होता?

अपराधियों के हाथों में सजने वाली हथकड़ी का इस्तेमाल थाने के गेट को बंद करने के लिए करना, क्या पुलिस मैनुअल और अनुशासन का खुला उल्लंघन नहीं है? फिलहाल इस वीडियो के वायरल होने के बाद अंचल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है, और कयास लगाए जा रहे हैं कि लापरवाही बरतने वाले रात के संतरी और दोषी पुलिसकर्मियों पर जल्द ही निलंबन की गाज गिर सकती है।


संबंधित समाचार