नर्मदापुरम। जिले में पहली बार पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा का सफल उपयोग करते हुए प्रशासन ने एक गंभीर मरीज को उच्च स्तरीय उपचार के लिए नागपुर भेजा । मरीज मल्टी ऑर्गन फेलियर व ब्रेन संबंधी बीमारी से ग्रषित था। जिसकी जान बचाने के लिए परिजनों ने जिला प्रशासन से एयर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। बता दें कि जिले में यह पहली बार है, जब किसी मरीज के लिए इस हाईटेक सुविधा का इस्तेमाल किया गया।
विशेषज्ञ ने मरीज को नागपुर किया रेफेर
दरअसल, 83 वर्षीय रामगोपाल टोकसे पिछले कुछ समय से मल्टी ऑर्गन फेलियर और मस्तिष्क से जुड़ी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। उनका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आने के कारण विशेषज्ञ ने मरीज को नागपुर रेफेर किया। इसके बाद परिजनों ने मरीज की जान बचाने के लिए जिला प्रशासन से एयर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत एक्शन में आई और मरीज को एयर एम्बुलेंस से नागपुर भेजा।
परिजनों ने राहत की सांस ली
प्रारंभिक योजना के अनुसार मरीज को नर्मदापुरम स्थित एसपीएम हेलीपैड से एयरलिफ्ट किया जाना था, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते अंतिम समय में स्थान बदलकर सीहोर जिले के बुधनी स्थित ट्राइडेंट ग्रुप के हेलीपैड का चयन किया गया। भोपाल से पहुंची एयर एम्बुलेंस ने वहां से मरीज को नागपुर के लिए रवाना किया। इधर, समय पर एयर एम्बुलेंस मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।