Kartik Purnima 2026 : उज्जैन : धर्म नगरी उज्जैन में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं के आगमन का सिलसिला जारी है। जिसकी झलक शिप्रा नदी में भी देखने को मिली। जहां युवा से लेकर बुजुर्ग आस्था की डुबकी लगाने के लिए पहुंचे। तो वही कोई लोग अपने पितरों के निमित्त तर्पण और पिंडदान करते हुए नजर आए। इतना ही नहीं घाटों पर लोगों ने दीपदान भी किया। जिसकी रौशनी से घाट जगमगा उठा।
कार्तिक पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व
कार्तिक पूर्णिमा को हिंदू धर्म में विशेष महत्व दिया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन स्नान, दान, पितृ तर्पण और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। पंडित अमर डब्बावाला ने बताया कि मत्स्य पुराण और स्कंद पुराण में कार्तिक पूर्णिमा को पितरों के लिए विशेष पर्वकाल माना गया है। मान्यता है कि इस दिन पितरों के पृथ्वी पर रहने का अंतिम दिन होता है। ऐसे में वे अपने वंशजों से जलदान और पिंडदान की अपेक्षा करते हैं।
पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है
उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर किया जाने वाला पिंडदान काम्य श्राद्ध की श्रेणी में आता है। यानी यह सुख, शांति और परिवार की मंगल कामना के लिए किया जाता है। इस दिन पितरों के निमित्त जलदान, पिंडदान और तर्पण करने की परंपरा है। मान्यता है कि इससे पितरों को मोक्ष और भगवान विष्णु के लोक की प्राप्ति होती है।
शाम को भी होता है दीपदान
पंडित अमर डब्बावाला के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा की शाम और रात्रि में दीपदान का भी विशेष महत्व है। मान्यता है कि दीपदान से पितरों के मार्ग में प्रकाश होता है और उन्हें सद्गति प्राप्त होती है। इसी धार्मिक मान्यता के चलते श्रद्धालु शिप्रा नदी में दीप प्रवाहित कर अपने पितरों को याद करते हैं।
युवाओं में भी दिखा दीपदान का उत्साह
युवाओं का कहना था कि दीपदान केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि मन की शांति और आत्मशुद्धि से भी जुड़ा है। उनका मानना है कि दीपक की पवित्र अग्नि मन के नकारात्मक विचारों और बुराइयों को दूर करने का प्रतीक है। युवाओं ने बताया कि कार्तिक मास का अंतिम दिन होने के कारण आज विशेष रूप से दीपदान किया जा रहा है।
मंदिर जाने से मन को मिलती है शांति
युवाओं ने आगे कहा कि मंदिरों में जाने से मन को शांति मिलती है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में युवाओं को भी धर्म और आध्यात्म से जुड़ना चाहिए। शिप्रा के घाटों पर सुबह से उमड़ी श्रद्धलुओ की भीड़ यह बता रहा था कि कार्तिक पूर्णिमा की परंपरा आज भी लोगों की आस्था से जुड़ी हुई है। इसमें बुजुर्गों के साथ युवाओं की भी भागीदारी देखने को मिली।