होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

नशीली दवाओं के कारोबार का खुलासा, मेडिकल दुकान से 207 कफ सिरप और 3600 टैबलेट जब्त, संचालक गिरफ्तार

नशीली दवाओं के कारोबार का खुलासा, मेडिकल दुकान से 207 कफ सिरप और 3600 टैबलेट जब्त, संचालक गिरफ्तार

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर स्थित एक मेडिकल स्टोर में छापेमारी कर टीम ने 207 नग प्रतिबंधित नशीले कफ सिरप और 3600 नग टैबलेट बरामद किए हैं। जब्त नशीली दवाइयों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। मामले में मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर मेडिकल स्टोर में हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग की संभागीय उड़नदस्ता टीम को सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर के माध्यम से मिली इस जानकारी के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद आबकारी टीम मेडिकल स्टोर पहुंची। मामले की पुष्टि करने के लिए टीम के एक सदस्य को ग्राहक बनाकर दुकान से कफ सिरप और टैबलेट खरीदने भेजा गया। जैसे ही दुकान संचालक राजेश समद्दार ने उसे प्रतिबंधित कफ सिरप उपलब्ध कराया, वैसे ही टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी।

दुकान के पीछे बने कमरे से मिला नशीली दवाइयों का स्टॉक

शुरुआत में जब टीम ने मेडिकल स्टोर की तलाशी ली तो दुकान के भीतर कोई संदिग्ध नशीला पदार्थ नहीं मिला। इसके बाद संचालक से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने दुकान के पीछे बने कमरे में प्रतिबंधित दवाइयां रखे होने की जानकारी दी। टीम ने बताए गए स्थान पर तलाशी ली तो वहां से बड़ी मात्रा में नशीले कफ सिरप और टैबलेट बरामद हुए। जब्त सामग्री में 132 नग मैग्रेटस-टी कफ सिरप, 75 नग एप्कोरस कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट शामिल हैं। आबकारी विभाग ने सभी नशीले पदार्थों को जब्त कर मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

यूपी से लाता था प्रतिबंधित नशीली दवाइयां

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से नशीली दवाइयां लेकर आता था। इस खुलासे के बाद आबकारी विभाग की टीम अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों को आशंका है कि इस कारोबार के पीछे अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

आबकारी विभाग ने मेडिकल कारोबारियों को दी चेतावनी

कार्रवाई के बाद आबकारी अधिकारियों ने मेडिकल व्यवसाय से जुड़े लोगों से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि नशीली दवाइयों की बिक्री से युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ आबकारी उपनिरीक्षक टीआर केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडे, आशीष कुंज और नगर सैनिक गणेश पाण्डेय शामिल रहे।

 


संबंधित समाचार