मंडला। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व को लेकर मंडला में तैयारियां तेज हो गई हैं। महिष्मति नगरी के नर्मदा घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगरपालिका प्रशासन ने साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया है। घाटों को व्यवस्थित करने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
इस अवसर पर मंडला के अलावा बालाघाट, सिवनी और पड़ोसी राज्यों छत्तीसगढ़ तथा महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर मां नर्मदा में स्नान का विशेष महत्व है। श्रद्धालु सुबह स्नान के बाद पूजा-अर्चना, आरती और दीपदान करेंगे। साथ ही अन्न एवं वस्त्र का दान भी किया जाएगा।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और होमगार्ड जवानों की गश्त की व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से पर्व मना सकें।