होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से जिला संवाद में सीधे सवाल : मेडिकल कॉलेज से इंडस्ट्रियल हब तक गिनाए दो साल का हिसाब

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से जिला संवाद में सीधे सवाल : मेडिकल कॉलेज से इंडस्ट्रियल हब तक गिनाए दो साल का हिसाब

INH-हरिभूमि के जिला संवाद कार्यक्रम के अंतिम पड़ाव में माहौल पूरी तरह सवाल-जवाब के रंग में रंगा नजर आया। इस सत्र में गुरु खुशवंत साहेब से INH-हरिभूमि के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने सरकार के कामकाज को लेकर सीधे और तीखे सवाल किए। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी बिना किसी लाग-लपेट के हर सवाल का जवाब दिया और साय मंत्रिमंडल के लगभग दो साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा सामने रखा।

सरकार के दो साल पूरे होने पर उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले घोषणा पत्र में जो वादे किए गए थे, उनमें से अधिकांश को इस अवधि में पूरा कर लिया गया है। जो वादे शेष हैं, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का काम लगातार जारी है। उनका कहना था कि सरकार का फोकस केवल घोषणाओं पर नहीं, बल्कि योजनाओं को ज़मीन पर उतारने पर रहा है।

जांजगीर में मेडिकल कॉलेज और 72 करोड़ का विकास निवेश

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने जांजगीर जिले का उदाहरण देते हुए बताया कि यहां मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही सड़क और भवन निर्माण कार्यों के लिए 72 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है, और इन परियोजनाओं पर काम भी प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस निवेश का असर आने वाले वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं, आवागमन और स्थानीय रोजगार पर साफ दिखाई देगा।

खेती को राहत: पानी पहुंचे खेत तक

कृषि और सिंचाई के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि सरकार ने पानी को खेत तक पहुंचाने को प्राथमिकता दी है। जांजगीर क्षेत्र में स्टॉप डैम, एनीकट और अन्य जल संरचनाओं के माध्यम से सिंचाई की व्यवस्था मजबूत की गई है। कई कार्य पूरे हो चुके हैं और कई पर काम जारी है। उन्होंने बताया कि इन प्रयासों के जरिए 600 हेक्टेयर से अधिक भूमि को सिंचित करने का लक्ष्य लेकर सरकार आगे बढ़ रही है, ताकि किसान बारिश पर निर्भर न रहें और खेती अधिक लाभकारी बन सके।

कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा: रोजगार की तैयारी

जब कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा विभाग के कामकाज को लेकर सवाल किया गया, तो मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि इस क्षेत्र में भी सरकार लगातार सक्रिय है। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में नई योजनाएं लाई जा रही हैं और युवाओं को उनका लाभ भी दिया जा रहा है। आईटीआई संस्थानों को आधुनिक बनाने का कार्य चल रहा है, वहीं पॉलिटेक्निक कॉलेजों को भी मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में जब इंडस्ट्रियल हब विकसित होंगे, तब छात्रों को इंडस्ट्रियल टूर के माध्यम से उद्योगों से जोड़ा जाएगा, ताकि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि प्रैक्टिकल नॉलेज के साथ रोजगार के लिए तैयार हो सकें।

सम्मान समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंतिम चरण में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर लक्ष्मीनारायण सोनी, वरिष्ठ अधिवक्ता, साहित्यकार एवं कानूनी पुस्तकों के लेखक विजय कुमार दुबे, निःशुल्क शिक्षा दान के लिए जाने जाने वाले रामकृष्ण वैष्णव, हरि लीला ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया, यूनिक फार्मेसी कॉलेज के डायरेक्टर अखिलेश सिंह सेंगर, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जी.के. नायक, सांदीपनि शिक्षण संस्थान राहौद के संचालक संतोष गुप्ता, जिला कशर उद्योग के अध्यक्ष दीपक सिंघानिया, स्नैकमैन के नाम से प्रसिद्ध अनुराग शुक्ला और लक्ष्मी बिल्डर के लक्ष्मीचंद देवांगन को सम्मानित किया गया।


संबंधित समाचार