होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Mp Morning News : निगम मंडल नियुक्तियों का काउंटडाउन, रेल यात्रा में बदलाव और ठंड की चेतावनी

Mp Morning News : निगम मंडल नियुक्तियों का काउंटडाउन, रेल यात्रा में बदलाव और ठंड की चेतावनी

Mp Morning News : मध्यप्रदेश में निगम, मंडल, प्राधिकरण और आयोगों में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बीच अब प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बीच नामों पर मंथन लगभग पूरा हो चुका है। प्रदेश में भाजपा सरकार बने दो वर्ष बीतने के बाद भी नियुक्तियों में देरी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी मुख्यालय में सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल के साथ अहम बैठक कर अंतिम रूपरेखा पर चर्चा की है। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही निगम-मंडलों में नियुक्तियों की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।

BJP सांसदों से प्रदेश अध्यक्ष की वन-टू-वन चर्चा

मध्यप्रदेश में केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय को लेकर भाजपा संगठन सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ वन-टू-वन संवाद किया। यह बैठक केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके के निवास पर आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के विकास, संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में संसदीय क्षेत्रवार विकास योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया और केंद्र-राज्य समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति बनी।

रेलवे नियमों में बड़ा बदलाव

भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए बड़ा नियम परिवर्तन करने जा रहा है। नए नियम के तहत जिस स्टेशन से टिकट लिया गया है, उसी स्टेशन से बोर्डिंग करना अनिवार्य होगा। यदि यात्री निर्धारित स्टेशन से ट्रेन में सवार नहीं होता है तो उसकी सीट खाली मानी जाएगी। इस बदलाव से वेटिंग और आरएसी यात्रियों को सबसे अधिक फायदा मिलने की उम्मीद है। रेलवे के इस फैसले का असर देशभर के करोड़ों यात्रियों पर पड़ेगा।

मध्यप्रदेश में बढ़ी ठंड और कोहरा

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मध्यप्रदेश में ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से गिरा है। 30 से अधिक जिलों में हल्के से घने कोहरे का असर देखा गया। राजगढ़ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत आठ शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक ठंड और कोहरे के असर की चेतावनी जारी की है।

बिजली चोरी की सूचना दो और लो 50 हजार तक इनाम

मध्यप्रदेश में बिजली चोरी करने वालों पर अब विभाग का शिकंजा और कड़ा होगा। बिजली चोरी की सूचना देने वाले मुखबिरों को अब 50 हजार रुपये तक का इनाम दिया जाएगा। सूचना मिलने पर पारितोषिक की 5 प्रतिशत राशि या 25 हजार रुपये का तत्काल भुगतान किया जाएगा, जबकि शेष प्रोत्साहन राशि पूर्ण वसूली के बाद दी जाएगी। इस कदम से बिजली चोरी पर रोक लगाने में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है।

QR कोड से मिलेगी साइबर सुरक्षा 

डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए मध्यप्रदेश में नई QR कोड सुविधा शुरू की जा रही है। मार्च के अंत तक यह सुविधा पूरे प्रदेश में लागू होगी। QR कोड स्कैन करने पर साइबर सुरक्षा उपाय, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और हेल्पलाइन 1930 का सीधा लिंक मिलेगा। बाजारों, पार्किंग, सरकारी और निजी कार्यालयों में QR कोड लगाए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका उपयोग कर सकें।

बजट 2026-27, महिला संवाद कार्यक्रम आज

केंद्रीय बजट 2026-27 की विशेषताओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए भाजपा द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सुबह 11 बजे भोपाल स्थित एलएनसीटी कैंपस में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस मौके पर मंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल होंगी।


संबंधित समाचार