होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र का महापर्व: 33 जिलों में पंचायत चुनाव, 5 नगर पंचायतों में मतदान, 4 जून को आएंगे नतीजे...

छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र का महापर्व: 33 जिलों में पंचायत चुनाव, 5 नगर पंचायतों में मतदान, 4 जून को आएंगे नतीजे...

Chhattisgarh Election 2026 रायपुर। छत्तीसगढ़ में सोमवार को त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उपचुनाव तथा नगरीय निकायों के उपचुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह 8 बजे से मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रदेशभर में लोकतंत्र के इस उत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इस बार नगरीय निकायों के 82 और त्रिस्तरीय पंचायतों के 1228 पदों सहित कुल 1310 पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 4 जून 2026 को की जाएगी।

किन पदों के लिए हो रहा है मतदान?

नगरीय निकाय चुनाव
अध्यक्ष पद – 5
पार्षद पद – 77
कुल पद – 82

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव
जनपद पंचायत सदस्य – 10
सरपंच – 82
पंच – 1136
कुल पद – 1228

इन नगर पंचायतों में हो रहा मतदान

राज्य के चार नगर पंचायतों में आम चुनाव तथा एक नगर पंचायत में अध्यक्ष पद का उपचुनाव कराया जा रहा है। नगर पंचायत बम्हनीडीह, नगर पंचायत शिवनंदनपुर, नगर पंचायत पलारी, नगर पंचायत घुमका, नगर पंचायत सहसपुर लोहारा (अध्यक्ष पद का उपचुनाव) में चुनाव जारी है। 

33 जिलों में पंचायत चुनाव

प्रदेश के 33 जिलों में पंच, सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान जारी है। इनमें रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, रायगढ़, महासमुंद, धमतरी, बालोद, कबीरधाम, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर सहित अन्य जिले शामिल हैं।

शिवनंदनपुर में पहले अध्यक्ष के लिए मतदान

सूरजपुर जिले की नगर पंचायत शिवनंदनपुर में सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। यहां अध्यक्ष पद के लिए भाजपा, कांग्रेस सहित तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 52 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। नगर पंचायत में कुल 4,642 मतदाता हैं, जिनमें 2,335 पुरुष और 2,307 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला

कबीरधाम जिले की नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए मतदान कराया जा रहा है। यहां कुल 5,142 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की सरिता संतोष मिश्रा, कांग्रेस के रोशन वैष्णव और निर्दलीय उम्मीदवार अजय यादव चुनाव मैदान में हैं। 15 वार्डों में 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां शाम 5 बजे तक मतदान होगा।

पलारी नगर पंचायत में पहली बार चुनाव

बालोद जिले के पलारी नगर पंचायत में गठन के बाद पहली बार चुनाव कराया जा रहा है। यहां अध्यक्ष पद और 15 पार्षद पदों के लिए मतदान हो रहा है। विशेष बात यह है कि सभी 15 मतदान केंद्रों की जिम्मेदारी महिला अधिकारियों को सौंपी गई है। कुल 3,766 मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। पहली बार नगर पंचायत चुनाव होने के कारण स्थानीय मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

बिलासपुर के वार्ड 29 में पार्षद उपचुनाव

बिलासपुर नगर निगम के तारबाहर स्थित वार्ड क्रमांक 29 में पार्षद पद के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। यहां कुल 5,255 मतदाता नए पार्षद का चुनाव करेंगे। कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के लिए 8 केंद्र बनाए गए हैं।

फरसगांव में दो वार्डों के लिए मतदान

कोंडागांव जिले के फरसगांव नगर पंचायत में वार्ड क्रमांक 1 और 12 के लिए पार्षद उपचुनाव कराया जा रहा है। यहां चार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 615 मतदाता करेंगे। प्रशासन द्वारा मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल तैनात किया गया है।

पंचायत क्षेत्रों में बैलेट बॉक्स, नगर निकायों में EVM

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार पंचायत चुनावों में मतदान बैलेट बॉक्स के माध्यम से कराया जा रहा है, जबकि नगरीय निकायों के चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) का उपयोग किया जा रहा है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

4 जून को आएंगे चुनाव परिणाम

मतदान संपन्न होने के बाद 4 जून को मतगणना की जाएगी। इसके साथ ही पंचायतों और नगरीय निकायों की सत्ता किसके हाथों में जाएगी, इसका फैसला भी हो जाएगा। पूरे प्रदेश की नजरें अब चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं।


संबंधित समाचार