छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सरकारी शराब दुकानों में इन दिनों शराब की भारी कमी देखने को मिल रही है। कई दुकानों में स्टॉक समय से पहले खत्म हो जा रहा है, जिससे शराब खरीदने पहुंचे लोगों को निराश लौटना पड़ रहा है। इस स्थिति का फायदा अब अवैध शराब बेचने वाले उठा रहे हैं और खुलेआम ज्यादा कीमत पर शराब बेची जा रही है।
कोटा क्षेत्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। वीडियो में शराब दुकान के बाहर अवैध तरीके से शराब की बिक्री होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि 80 रुपये में मिलने वाली देसी शराब को 200 रुपये तक में बेचा जा रहा है। शराब नहीं मिलने से लोग मजबूरी में महंगे दामों पर शराब खरीदने को मजबूर हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि राज्य सरकार द्वारा 1 अप्रैल से शराब की पैकेजिंग में बदलाव किया गया है। अब शराब को पीईटी प्लास्टिक बोतलों में पैक करने का निर्देश दिया गया है। लेकिन अचानक नई व्यवस्था लागू होने से पर्याप्त मात्रा में प्लास्टिक बोतलें उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। इसका सीधा असर शराब उत्पादन और सप्लाई पर पड़ा है।
प्रदेशभर की करीब 800 सरकारी शराब दुकानों में सप्लाई प्रभावित हुई है। बिलासपुर जिले में रोजाना हजारों पेटी शराब की मांग रहती है, लेकिन वर्तमान में मांग के मुकाबले काफी कम स्टॉक पहुंच रहा है। कई दुकानों में सुबह आया स्टॉक कुछ ही घंटों में खत्म हो जा रहा है।
स्थिति यह हो गई है कि देसी शराब पीने वाले लोग अब अंग्रेजी शराब दुकानों की तरफ रुख कर रहे हैं। वहीं अंग्रेजी शराब और बीयर की मांग में भी तेजी आई है। जानकारी के मुताबिक बीयर की बिक्री में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
वायरल वीडियो के बाद कोटा पुलिस ने मौके पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने शराब दुकान के सामने दबिश देकर अवैध रूप से शराब बेच रहे युवकों को पकड़ा। इस दौरान रोहन साहू नाम के युवक के पास से 16 पाव देसी शराब बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।