रायपुर: इंडियन प्रीमियर लीग यानी Indian Premier League (IPL 2026) के मुकाबलों से पहले राजधानी में टिकटों की कालाबाजारी ने जोर पकड़ लिया है। 10 और 13 मई को होने वाले हाई-प्रोफाइल मैचों से पहले फैंस को टिकट खरीदने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, जिन टिकटों की आधिकारिक कीमत ₹8000 है, उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ₹20,000 से ₹25,000 तक में बेचा जा रहा है। इससे क्रिकेट प्रेमियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इन तारीखों पर खेले जाएंगे मुकाबले
Royal Challengers Bengaluru vs Mumbai Indians का मैच 10 मई और Royal Challengers Bengaluru vs Kolkata Knight Riders का 13 मई को है, इन मैचों को लेकर पहले ही भारी उत्साह था, लेकिन टिकटों की सीमित उपलब्धता का फायदा उठाकर कुछ लोग कालाबाजारी कर रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सऐप, फेसबुक और टेलीग्राम पर खुलेआम टिकटों की खरीद-फरोख्त चल रही है।
फैंस की परेशानी
क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि आधिकारिक वेबसाइट पर टिकट मिनटों में खत्म हो जाते हैं, जबकि ब्लैक मार्केट में वही टिकट कई गुना कीमत पर आसानी से उपलब्ध हैं। इससे आम दर्शकों के लिए मैच देखना मुश्किल हो गया है।
प्रशासन की भूमिका पर सवाल
टिकटों की इस कालाबाजारी पर अब प्रशासन की निगरानी और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या और बढ़ सकती है।