उज्जैन : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार तड़के बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने के लिए उज्जैन पहुंचे और विधि विधान से पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। नितिन करीब डेढ़ घंटे तक नंदी हॉल में बैठे रहे, जहां वो पूरी तरह से भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आए। इस दौरान मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल भी मौके पर मौजूद रहे।
आरती में नबीन ने पारंपरिक वस्त्र किए धारण
इस दौरान नितिन नबीन ने परंपरा का पालन करते हुए पीले रंग की धोती धारण की हुई थी। तो वही हेमंत खंडेलवाल ने लाल रंग की धोती पहनी हुई थी। दर्शन के बाद मंदिर समिति ने नितिन नबीन का स्वागत - सत्कार किया। इस दौरान कलेक्टर एवं मंदिर समिति अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह और अन्य आधिकारिक मौके पर मौजूद रहे।
पहली बार की भस्म आरती
इधर, बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बाबा महाकाल की पवित्र नगरी में पहली बार आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ और यहां आकर वे अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल पूरे विश्व का ध्यान रखते हैं।
देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना
नितिन नबीन ने बताया कि उन्होंने भगवान महाकाल के श्रीचरणों में देश की यश-कीर्ति लगातार बढ़ने की प्रार्थना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी बाबा महाकाल से आशीर्वाद की कामना की, ताकि वे जनसेवा और राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़ते रहें।