छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला में कुछ युवकों द्वारा सार्वजनिक सड़क को पार्टी स्थल बना देने का मामला सामने आया है। जन्मदिन के नाम पर बीच सड़क पर केक काटा गया और पटाखे फोड़े गए, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
सड़क पर जश्न, घंटों लगा जाम
पुलिस के अनुसार, यह घटना 16 फरवरी की देर रात की है। अंबिकापुर से आए कुछ युवक लटोरी चौकी क्षेत्र के सोनवाही इलाके में बीच सड़क पर जन्मदिन मना रहे थे। इस दौरान अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
एंबुलेंस भी फंसी, लोग हुए परेशान
बताया जा रहा है कि जश्न के कारण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था। एंबुलेंस सहित कई जरूरी वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे, जिससे आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आधा दर्जन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।