होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

सरकारी नौकरी के उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर, भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव

सरकारी नौकरी के उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर, भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव

छत्तीसगढ़ सरकार ने तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए नई चयन नियमावली लागू कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 19 जून 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार अब इन पदों पर भर्ती के लिए केंद्रीकृत प्रणाली अपनाई जाएगी। इसके तहत विभिन्न विभागों से प्राप्त रिक्त पदों की जानकारी के आधार पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल भर्ती परीक्षाओं का आयोजन करेगा। जिन पदों के लिए विशेष तकनीकी या व्यावसायिक योग्यता आवश्यक होगी, उनके लिए अलग से विषय-विशिष्ट परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।

सात समूहों में बांटे गए पद

नई व्यवस्था के तहत राज्य सरकार ने तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के सभी पदों को सात अलग-अलग समूहों में वर्गीकृत किया है। प्रत्येक समूह के लिए शैक्षणिक योग्यता और चयन प्रक्रिया अलग-अलग निर्धारित की गई है, जिससे भर्ती प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित बनाया जा सके।

अभियांत्रिकी और तकनीकी पदों के लिए विशेष योग्यता

समूह-1 में इंजीनियरिंग सेवाओं से जुड़े पद शामिल किए गए हैं। इसमें उप अभियंता (सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, माइनिंग और आईटी) जैसे पदों के लिए संबंधित विषय में डिप्लोमा या डिग्री अनिवार्य होगी। वहीं समूह-6 में पटवारी, छात्रावास अधीक्षक, सहायक मानचित्रकार, इलेक्ट्रिशियन और हैंडपंप तकनीशियन जैसे पद शामिल हैं, जिनके लिए 12वीं के साथ तकनीकी प्रमाणपत्र या डिप्लोमा जरूरी रहेगा।

स्नातक और शिक्षकीय पदों के लिए अलग प्रावधान

समूह-2 में सहायक प्रबंधक, श्रम निरीक्षक, खाद्य निरीक्षक, सहकारिता निरीक्षक और महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक जैसे पद शामिल किए गए हैं, जिनके लिए स्नातक की डिग्री आवश्यक होगी। वहीं समूह-3 में सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता के पद रखे गए हैं, जहां विभागीय नियमों के अनुसार विषय-विशेष में स्नातक या स्नातकोत्तर योग्यता अनिवार्य रहेगी।

वर्दीधारी और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विशेष मानदंड

समूह-4 में पुलिस, वन, जेल, परिवहन और आबकारी विभाग के वर्दीधारी पदों को शामिल किया गया है। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ शारीरिक दक्षता भी अनिवार्य होगी। दूसरी ओर समूह-5 में स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन और ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक जैसे पद रखे गए हैं, जिनके लिए संबंधित परिषद में पंजीयन और विषय-विशिष्ट योग्यता जरूरी होगी।

चतुर्थ श्रेणी और वाहन चालकों के लिए न्यूनतम योग्यता तय

समूह-7 में चतुर्थ श्रेणी के पद जैसे भृत्य, चौकीदार, माली, हमाल और अन्य समकक्ष पद शामिल हैं। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। वहीं वाहन चालक पद के लिए 10वीं उत्तीर्ण होने के साथ वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी आवश्यक होगा।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और एकरूपता पर जोर

सरकार का मानना है कि नई नियमावली लागू होने से भर्ती प्रक्रिया में एकरूपता आएगी, विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा और अभ्यर्थियों को पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया का लाभ मिलेगा। इससे रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरने में भी सहायता मिलेगी।


संबंधित समाचार