होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

तेल संकट के बीच रेलवे बना सहारा, ट्रेनों और बसों में बढ़ी भारी भीड़

तेल संकट के बीच रेलवे बना सहारा, ट्रेनों और बसों में बढ़ी भारी भीड़

देशभर में जारी पेट्रोल-डीजल संकट का असर अब आम लोगों की यात्रा व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। पेट्रोल पंपों पर सीमित मात्रा में ईंधन मिलने के कारण लोग निजी वाहनों की बजाय ट्रेन और बसों से सफर करना ज्यादा सुरक्षित और सस्ता विकल्प मान रहे हैं। रायपुर से बिलासपुर, भिलाई, राजनांदगांव, कोरबा, रायगढ़, गोंदिया और कटनी रूट की ट्रेनों में गुरुवार को यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। खासतौर पर सुबह और शाम की लोकल ट्रेनों में सामान्य दिनों की तुलना में काफी ज्यादा भीड़ रही।

यात्रियों की लंबी कतारें: 

रेलवे टिकटों की मांग में अचानक बढ़ोतरी के कारण आरक्षण केंद्रों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग रही हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग में भी तेजी आई है और लोग बड़ी संख्या में ट्रैवल एजेंसियों का रुख कर रहे हैं। मुंबई और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव देखा जा रहा है, जिसके चलते लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। हावड़ा-मुंबई एक्सप्रेस, समरसता एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में मई महीने के लिए 50 से 80 तक वेटिंग पहुंच चुकी है। कई यात्रियों को अब जून के अंत तक ही कन्फर्म टिकट मिलने की उम्मीद है।

रेलवे पार्सल सेवा से भेज रहे पार्सल :

सिर्फ यात्री ही नहीं, बल्कि कारोबारी वर्ग भी अब रेलवे की सेवाओं पर ज्यादा निर्भर हो रहा है। सड़क परिवहन महंगा होने के कारण लोग ट्रकों की बजाय रेलवे पार्सल सेवा से सामान भेजना पसंद कर रहे हैं। रेलवे पार्सल कार्यालयों में भी बुकिंग अचानक बढ़ गई है। दूसरी ओर, रायपुर से प्रदेश के अन्य शहरों और कस्बों की ओर जाने वाली बसों में भी पैर रखने तक की जगह नहीं बची। तेल संकट के कारण रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

 

 


संबंधित समाचार