भोपाल। मध्यप्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। मुरासु तूफान के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मध्यप्रदेश में अगले 3 दिन मुरासु तूफान का असर
मौसम के इस बदलाव का असर बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर, सीधी, मऊगंज और सिंगरौली में देखने को मिल सकता है।
यहां खिलेगी धूप
वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रायसेन, सीहोर, विदिशा, धार, रतलाम, देवास, रीवा, सतना, सागर, भिंड और मुरैना समेत अन्य जिलों में मौसम साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है।
4 और 5 नवंबर को फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 4 और 5 नवंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। बारिश और तेज हवाओं के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। हालांकि धनतेरस के दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ने और रात के तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।