भोपाल : मध्य प्रदेश के भोपाल से सड़क हादसे की दुखद खबर सामने आ रही है। जहां सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम हुए एक्सीडेंट में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों बाइक में सवार होकर एक कार्यक्रम से घर लौट रहे थे। इस दौरान एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई शुरू की।
विदिशा से रसोई कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार भोपाल के आनंद नगर निवासी राजकुमार साहू (50), उनकी पत्नी माया साहू (45) और रेहटी निवासी उनके रिश्तेदार सोनू साहू (करीब 25) बाइक से रायसेन जिले के अंबाड़ी में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित रसोई कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। सोमवार को तीनों बाइक से वापस भोपाल लौट रहे थे। इसी दौरान दाल मिल चौराहे से आगे देहरी तालाब के पास भोपाल से विदिशा की ओर जा रही कार से उनकी भिड़ंत हो गई। जिससे सभी की मौके पर मौत हो गई।
एयरबैग खुलने से चालक की बची जान
बताया जा रहा है कि भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर सोमवार को हुए इस भीषण हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस दौरान एयरबैग खुलने से चालक मनीष शिवहरे की जान बच गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।