इंदौर : नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए इंदौर में एक दिवसीय रोजगार मेला लगने जा रहा है। जिसका आयोजन इंदौर के उद्योग केन्द्र परिसर स्थित जिला रोजगार कार्यालय में किया गया है। जहां बड़ी बड़ी कंपनियां 300 से अधिक पदों पर कैंडिडेट्स की भर्ती करेंगे। यह भर्ती अलग अलग पदों पर की जाएगी। जिसके लिए इच्छुक उम्मीदवारों को 1 जून 2026 को निर्धारित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना पड़ेगा।
सुबह 10 के बाद शुरू होगा आयोजन
कार्यक्रम का समय सुबह 10 बजकर 30 मिनट से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस निश्चित समयावधि में आकर सभी इच्छुक आवेदक विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर सकते हैं। साथ ही कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि वे अपने साथ समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अपडेटेड बायोडाटा या रिज्यूम, पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियों के साथ-साथ उनकी पर्याप्त फोटो प्रतियां भी अवश्य लेकर आएं, ताकि साक्षात्कार और प्रारंभिक चयन की प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इन पदों पर की जाएगी भर्ती
यह भर्ती डिजिटल मार्केटिंग, केमिस्ट, अकाउंटेंट, बैक ऑफिस, कम्प्यूटर ऑपरेटर, सेल्स, सुपरवाइजर तथा विभिन्न तकनीकी पदों जैसे फिटर, टर्नर और मशीनिस्ट के लिए टेक्नीशियन ट्रेनी के पदों पर भर्तियां की जाएंगी।
10वीं पास से ग्रेजुएट तक को मौका
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो हाईस्कूल यानी 10वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर यानी पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुके युवा इसके पात्र होंगे। इसके अलावा बी.फार्मा, आईटीआई और विभिन्न विषयों में डिप्लोमा धारक तकनीकी योग्यता वाले अभ्यर्थी भी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। कैंडिडेट्स की उम्र 18 वर्ष से लेकर 35 वर्ष तक होगी चाहिए
नामी और प्रतिष्ठित कंपनियां होगी मेले में शामिल
रोजगार मेले में जो कंपनियां भाग ले रही है। उनमे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम यूनिवर्सिटी, सूर्यवंशी मशीन टूल्स, यूनिफाई एचआर सोल्युशन, ओशियन मोटर्स और मोजेक प्राइवेट लिमिटेड जैसी बड़ी संस्थाएं मुख्य रूप से शामिल होंगे। इन सभी कंपनियों के पास वर्तमान में विभिन्न विभागों के लिए 300 से अधिक पद रिक्त हैं, जिन पर योग्य उम्मीदवारों का प्रारंभिक चयन सीधे साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।