होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी खनिज सफलता: 200 टन नमूनों से निकले 5 हीरे, राज्य के विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी खनिज सफलता: 200 टन नमूनों से निकले 5 हीरे, राज्य के विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा को लेकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। महासमुंद जिले के बलौदा-बेलमुंडी डायमंड ब्लॉक में किए गए वैज्ञानिक अन्वेषण के दौरान पांच हीरे प्राप्त हुए हैं। यह सफलता राज्य में भविष्य के हीरा खनन प्रोजेक्ट्स के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।एनएमडीसी-सीएमडीसी (NMDC-CMDC) द्वारा संचालित अन्वेषण कार्य के तहत वर्ष 2023 से क्षेत्र में व्यापक सर्वेक्षण और ड्रिलिंग की प्रक्रिया जारी थी। कंपनी ने स्ट्रीम सैडिमेंट सैंपलिंग, भू-भौतिकीय सर्वेक्षण तथा छह बोरहोल के माध्यम से लगभग 500 मीटर गहराई तक ड्रिलिंग की।

200 टन नमूनों की प्रोसेसिंग से मिली सफलता

अन्वेषण के दौरान चिन्हित खनिज क्षेत्र से करीब 200 टन सामग्री एकत्रित की गई। इसके बाद इस सामग्री को मध्यप्रदेश के पन्ना स्थित एनएमडीसी डायमंड माइनिंग प्रोजेक्ट में परीक्षण और प्रोसेसिंग के लिए भेजा गया। प्रोसेसिंग पूरी होने के बाद कुल पांच हीरे प्राप्त हुए, जिनका कुल वजन 1.22 कैरेट दर्ज किया गया। इनमें दो जेम क्वालिटी के सफेद हीरे, एक पीले रंग का नॉन-जेम हीरा और दो भूरे रंग के नॉन-जेम हीरे शामिल हैं।

मिले हीरों का विवरण

प्राप्त हीरों में 0.19 कैरेट का सफेद जेम क्वालिटी हीरा, 0.06 कैरेट का सफेद जेम क्वालिटी हीरा, 0.32 कैरेट का पीला नॉन-जेम हीरा, 0.59 कैरेट का भूरा नॉन-जेम हीरा, 0.06 कैरेट का भूरा नॉन-जेम हीरा, शामिल हैं। सभी हीरों का कुल वजन 1.22 कैरेट है।

सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था

एनएमडीसी-सीएमडीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कंपनी के पास फिलहाल हीरों के सुरक्षित भंडारण की विशेष व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इसलिए प्राप्त सभी हीरों को पन्ना स्थित एनएमडीसी के स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया है।

राज्य के विकास को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का वैज्ञानिक और सतत उपयोग प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि खनिज क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

आगे बढ़ सकती हैं हीरा खनन परियोजनाएं

बलौदा-बेलमुंडी डायमंड ब्लॉक में शुरुआती स्तर पर हीरे मिलने से इस क्षेत्र में विस्तृत सर्वेक्षण और संभावित व्यावसायिक खनन को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आगे के अन्वेषण कार्यों से इस क्षेत्र की वास्तविक खनिज क्षमता का बेहतर आकलन किया जा सकेगा।




संबंधित समाचार