भिलाई में महिला कर्मी का फूटा गुस्सा: अश्लील मैसेज से परेशान कर्मचारी ने CEO को मारा थप्पड़, फेंकी स्याही...

Bhilai News: छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित एक नामी मारुति सुजुकी शोरूम में रविवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना से परेशान महिला कर्मचारी ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में ही कंपनी के CEO अंकित आनंद पर स्याही फेंक दी और थप्पड़ जड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पूरा मामला भिलाई के चौहान ऑटोमोबाइल मारुति सुजुकी शोरूम का है। महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि CEO अंकित आनंद उसे लंबे समय से अश्लील मैसेज भेज रहा था और आपत्तिजनक तरीके से बात करता था। इससे परेशान होकर उसने भिलाई नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस जांच के दौरान भड़का विवाद

जानकारी के मुताबिक पुलिस शिकायत के बाद जांच कर रही थी। इसी सिलसिले में पुलिस टीम आरोपी CEO अंकित आनंद को लेकर शोरूम पहुंची थी। जैसे ही आरोपी ऑफिस परिसर में पहुंचा, महिला कर्मचारी का गुस्सा फूट पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ने पहले CEO पर स्याही फेंकी और फिर थप्पड़ और लात मारकर विरोध जताया। घटना के दौरान वहां मौजूद कर्मचारी और ग्राहक भी हैरान रह गए। माहौल कुछ देर के लिए पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

महिला ने लगाए गंभीर आरोप

महिला कर्मचारी का आरोप है कि आरोपी CEO लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। उसने कहा कि कई दिनों से उसे अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेजे जा रहे थे। महिला का आरोप है कि शिकायत के बावजूद उसे लगातार दबाव और तनाव का सामना करना पड़ रहा था। घटना के वक्त मौके पर महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी, जिसके चलते पुलिसकर्मी केवल महिला को शांत कराने की कोशिश करते नजर आए।

आरोपी CEO गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी CEO अंकित आनंद को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना के बाद कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Publisher: INH 24x7