ट्रैक्टर और बाइक की भीषण टक्कर: डिंडो बाजार से लौट रहे 4 युवकों की मौत, चालक फरार...

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार आदिवासी युवकों की जान चली गई। सनावल थाना क्षेत्र के पीपरपान गांव के पास ईंट लोड ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि ट्राली घटनास्थल पर छोड़ दी गई।

डिंडो बाजार से लौट रहे थे युवक

जानकारी के अनुसार सभी युवक डिंडो साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीपरपान गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे ईंट लोड ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर काफी तेज रफ्तार में था और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ट्रैक्टर चालक मौके से फरार

दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक घबराकर ट्राली को सड़क किनारे छोड़कर ट्रैक्टर समेत फरार हो गया। घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण चार परिवारों के घर उजड़ गए। सूचना मिलते ही सनावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने की धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की जांच जारी है।

जशपुर में तेज रफ्तार कार नाले में गिरी, 4 लोग सुरक्षित

बलरामपुर हादसे के कुछ घंटों बाद जशपुर जिले से भी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के खरकट्टा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पानी से भरे नाले में जा गिरी।

शादी समारोह से लौट रहे थे कार सवार

बताया जा रहा है कि कार में सवार चार लोग शादी समारोह से वापस कोरबा लौट रहे थे। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने से कार सीधे नाले में जा गिरी। हादसा खतरनाक था, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।

ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार सवार लोगों को बाहर निकालने में मदद की। बाद में जेसीबी मशीन बुलाकर कार को नाले से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की गई। पानी और कीचड़ अधिक होने के कारण रेस्क्यू कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन प्रशासन और ग्रामीण मिलकर वाहन निकालने में जुटे हुए हैं।

Publisher: INH 24x7