
Morning Breaking: नौतपा की तपिश से झुलसा छत्तीसगढ़, पेट्रोल-डीजल फिर महंगे, झीरम हमले की 13वीं बरसी आज...
Morning Breaking: रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत के साथ भीषण गर्मी का असर बढ़ गया है। रायपुर में तापमान 44.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं पेट्रोल-डीजल के दामों में फिर बढ़ोतरी हुई है। झीरम नक्सल हमले की 13वीं बरसी पर कांग्रेस नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर
राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आज से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है और आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। राजनांदगांव रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जबकि रायपुर में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार नौतपा के दौरान तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।
पेट्रोल-डीजल के दामों में फिर बढ़ोतरी
प्रदेश में महंगाई का असर एक बार फिर आम लोगों की जेब पर पड़ा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार बढ़ोतरी की गई है। डीजल के दाम में 2.85 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि के बाद इसकी कीमत 100 रुपए के पार पहुंच गई है। वहीं पेट्रोल की कीमत में 2.70 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। रायपुर में आज पेट्रोल 108.06 रुपए प्रति लीटर और डीजल 101.32 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। पिछले 10 दिनों में दोनों ईंधनों के दाम करीब 8.50 रुपए तक बढ़ चुके हैं।
प्राकृतिक आपदाओं में मौत पर बदले नियम
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली मौतों को लेकर नियमों में बदलाव किया है। अब केवल राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ही नहीं, बल्कि छह अन्य विभागों को भी नोडल एजेंसी बनाया गया है। नई व्यवस्था के तहत किसी भी आपदा में मौत होने पर संबंधित विभाग अपनी रिपोर्ट तैयार कर प्रतिवेदन सौंपेगा। इस संबंध में राजपत्र में अधिसूचना भी प्रकाशित कर दी गई है।
झीरम नक्सल हमले की 13वीं बरसी आज
आज झीरम घाटी नक्सल हमले की 13वीं बरसी मनाई जा रही है। वर्ष 2013 में बस्तर के दरबा स्थित झीरम घाटी में नक्सलियों ने कांग्रेस की परिवर्तन रैली पर घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में वरिष्ठ कांग्रेस नेता नंद कुमार पटेल, दिनेश पटेल, विद्याचरण शुक्ला, महेंद्र कर्मा, योगेंद्र शर्मा, उदय मुदलियार समेत कई नेताओं और जवानों की मौत हुई थी। घटना के 13 साल बाद भी मृतक नेताओं के परिजनों को न्याय नहीं मिलने का मुद्दा लगातार उठता रहा है। आज विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रेलवे स्टेशन पर नशेड़ी युवक का हंगामा
रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रविवार देर रात एक नशेड़ी युवक ने जमकर उत्पात मचाया। युवक ने स्टेशन की एक दुकान में तोड़फोड़ की और पुलिस जवानों को देखकर रेलवे ट्रैक पर जाकर लेट गया। घटना के बाद जीआरपी पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
Publisher: INH 24x7
