Morning Breaking: UPSC परीक्षा आज, भीषण गर्मी से हाल बेहाल, अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, युवा कांग्रेस चुनाव का ऐलान आज...

Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में रविवार सुबह कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। एक ओर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा आज कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की जा रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रायपुर समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इसके अलावा अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।

आज होगी UPSC प्रारंभिक परीक्षा, रायपुर में बनाए गए 22 केंद्र

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा आज दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। रायपुर में परीक्षा के लिए 22 केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों की एंट्री फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए होगी। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। साथ ही डिजिटल गैजेट्स और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

अवैध खनन और परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

रायपुर के मंदिर हसौद इलाके में प्रशासन ने अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही मशीनों को जब्त किया गया है। खनिज विभाग ने बिना अनुमति रेत, चुना पत्थर, कोयला और मुरूम का परिवहन कर रही करीब 20 गाड़ियों को भी जब्त किया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

भीषण गर्मी से झुलस रहा छत्तीसगढ़

प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। सरकारी अस्पतालों के ओपीडी में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डिहाइड्रेशन, सनबर्न और गर्मी से जुड़ी अन्य समस्याओं से प्रभावित मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।

कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार

शनिवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। राजनांदगांव में सबसे अधिक 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 45 डिग्री, बिलासपुर में 44.5 डिग्री, रायपुर में 44.3 डिग्री और बेमेतरा में 43.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। रात के समय भी गर्म हवाएं लोगों को राहत नहीं दे रही हैं।

सूर्या क्रिकेट सिल्वर लीग में खिलाड़ियों की बोली

आईपीएल की तर्ज पर आयोजित सूर्या क्रिकेट सिल्वर लीग में खिलाड़ियों का ऑक्शन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 44 टीमें हिस्सा लेंगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के बेटे तोषेंद्र देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा आज

युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए की जाएगी। इस दौरान पीसीसी अध्यक्ष Deepak Baij, पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel, युवा कांग्रेस प्रभारी अमित पठानिया, सह प्रभारी मोनिका मांडरे, प्रदेश चुनाव अधिकारी जसप्रीत सिंह और युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा मौजूद रहेंगे।

Publisher: INH 24x7