MP Weather: MP में नौतपा से पहले सूर्य का रौद्र रूप, 42 जिलों में लू का तांडव

MP Weather: मध्य प्रदेश में भीषण और चिलचिलाती गर्मी का 'टॉर्चर' लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंचता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के समूचे मौसम को लेकर एक बेहद डरावनी चेतावनी जारी की है, जिसके मुताबिक सूबे के 42 जिलों में आज लू का तगड़ा अलर्ट रहेगा। इस सीजन में पहली बार बुंदेलखंड अंचल के तीन प्रमुख जिलों को अत्यधिक गंभीर श्रेणी में रखते हुए 'रेड अलर्ट' के दायरे में ला दिया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 24 घंटे मध्य प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य और दिनचर्या के लिहाज से बेहद भारी और संवेदनशील रहने वाले हैं।

इन 3 जिलों में रेड अलर्ट 

सूरज की सीधी तपिश और पश्चिमी गर्म हवाओं के थपेड़ों के कारण सबसे बदतर हालात बुंदेलखंड में बने हुए हैं। मौसम विभाग ने। टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में 'रेड अलर्ट' जारी किया है। यहाँ दोपहर के समय घरों से बाहर निकलना जानलेवा साबित हो सकता है। छतरपुर के नौगांव और खजुराहो में पारा 46.5 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को भी पार कर गया है।

21 जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट

प्रदेश के आधे हिस्से पर भीषण और आक्रामक लू का साया मंडरा रहा है। इन 21 जिलों में मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी कर लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने को कहा है। ग्वालियर-चंबल और मध्य क्षेत्र: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोक नगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, मऊगंज और रीवा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 

18 जिलों में यलो अलर्ट

यही हाल सूबे के अन्य बड़े व्यावसायिक केंद्रों का भी है, जहाँ सूरज की तीखी किरणें लोगों को झुलसा रही हैं। इन 18 जिलों में 'यलो अलर्ट' का असर रहेगा जिनमें भोपाल, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर शामिल है। 

इन 13 जिलों में तेज गर्मी का अलर्ट

इंदौर, देवास, धार, बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट।

31 मई तक राहत नहीं!

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है, जो अगले नौ दिनों तक चलती है। लेकिन इस बार नौतपा से दो दिन पहले ही समूचा मध्य प्रदेश भट्टी की तरह तपने लगा है। लगातार आ रही शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं और कमजोर मानसून सिस्टम के कारण वातावरण में नमी पूरी तरह खत्म हो चुकी है।

Publisher: INH 24x7