
लव जिहाद मामले पर भड़का आक्रोश, कलेक्ट्रेट घेराव के साथ पढ़ी गई हनुमान चालीसा
कायस्थ समाज की एक युवती और मुस्लिम समाज के युवक के बीच प्रेम संबंध तथा कोर्ट मैरिज के लिए किए गए आवेदन के बाद पिछले तीन दिनों से शहर का माहौल गर्माया हुआ है। इस मामले को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों और समाज के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि युवती को उसके परिवार को सौंपा जाए और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टोरेट के बाहर हुआ प्रदर्शन
बुधवार को बड़ी संख्या में कायस्थ समाज, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता कलेक्टोरेट कार्यालय के सामने फ्लाईओवर के नीचे एकत्रित हुए। यहां सभी ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और उसके बाद रैली निकालकर कलेक्टोरेट पहुंच गए।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कलेक्टोरेट का मुख्य गेट बंद कर दिया था, लेकिन प्रदर्शनकारी गेट पार कर परिसर तक पहुंचने में सफल रहे। बाद में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर युवती की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की।
बिलासपुर में युवती के गायब होने पर बढ़ा विवाद
इसी बीच बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी से भी एक कथित लव जिहाद का मामला सामने आया है। गांव के लोगों और परिजनों ने आरोप लगाया है कि पंचर बनाने का काम करने वाला मुस्लिम युवक शाहिद अफरीदी एक हिंदू युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
बताया गया कि युवती 5 मई से लापता है। उसी दिन से गांव का रहने वाला शाहिद अफरीदी भी गायब है। युवती के पिता और ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
एसएसपी कार्यालय पहुंचे ग्रामीण
पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन और ग्रामीण एसएसपी कार्यालय पहुंचे और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। इस दौरान युवती के दादा मीडिया के सामने भावुक हो गए और परिवार की पीड़ा बयान की।
पुलिस ने जांच तेज करने की कही बात
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस युवती और युवक की तलाश में जुटी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में जल्द ही महत्वपूर्ण प्रगति देखने को मिलेगी।
Publisher: INH 24x7
