
Dharmendra Death News: हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र का 89 वर्ष की आयु में निधन, बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर...
Dharmendra Death News: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और ‘ही-मैन’ के नाम से पहचाने जाने वाले धर्मेंद्र का 89 वर्ष में निधन हो गया है। सोमवार, 24 नवंबर को दोपहर लगभग 1 बजे उन्होंने अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनकी हालत बिगड़ने के बाद घर के बाहर एम्बुलेंस और भारी सुरक्षा तैनात की गई। फिल्मफेयर ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है।
परिवार के लोग पहुंचे घर:
धर्मेंद्र के निधन की सूचना मिलते ही पूरा परिवार उनके निवास पर पहुंच गया। उनकी बेटी ईशा देओल सफेद दुपट्टे से चेहरा ढके हुए बेहद मायूस नजर आईं। वहीं पोते करण देओल की उदासी भरी तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो इस क्षति से साफ तौर पर टूटे हुए दिखे।
सफेद साड़ी में नजर आईं हेमा मालिनी:
दिवंगत अभिनेता की पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी भी सफेद साड़ी में घर पहुंचीं। बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकार श्रद्धांजलि देने के लिए धर्मेंद्र के घर पहुंच रहे हैं। विले पार्ले श्मशान घाट पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पहले भी उड़े थे निधन के रूमर्स:
कुछ दिन पहले धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर गलत खबरें फैली थीं। तब ईशा देओल ने रिएक्ट करते हुए कहा था कि मीडिया फेक न्यूज़ फैलाने में जल्दबाज़ी न करे। उन्होंने बताया था कि उनके पिता स्थिर स्थिति में हैं और रिकवरी कर रहे हैं।
ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती थे धर्मेंद्र:
10 नवंबर को तबीयत बिगड़ने पर धर्मेंद्र को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर हालत को देखते हुए उनके निधन की अफवाहें फैल गई थीं, जिसे बाद में परिवार ने खारिज कर दिया था। लेकिन अब उनके दुनिया से विदा होने की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है।
फिल्मफेयर टैलेंट हंट से मिली थी पहचान:
8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली में जन्मे धर्मेंद्र ने 1958 में फिल्मफेयर टैलेंट हंट जीतकर फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। 1960 की फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया। 1960–70 के दशक में वे रोमांटिक और एक्शन हीरो दोनों रूपों में लोकप्रिय हुए और आगे चलकर ‘ही-मैन ऑफ बॉलीवुड’ के नाम से मशहूर हो गए। धर्मेंद्र के निधन से भारतीय सिनेमा ने एक अनमोल सितारा खो दिया है। उनकी अदायगी, व्यक्तित्व और सादगी हमेशा याद रखी जाएगी।
Publisher: INH 24x7
