राजेश सोनी, डबरा (ग्वालियर): केंद्र सरकार की प्रस्तावित US ट्रेड डील के विरोध में ग्वालियर ग्रामीण युवा कांग्रेस का प्रदर्शन अब उग्र रूप अख्तियार कर रहा है। कृषि उपज मंडी के मुख्य द्वार पर जारी इस धरने के सातवें दिन कांग्रेस के कई राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेताओं ने शिरकत की और इस सौदे को किसान विरोधी करार दिया।
सातवें दिन जुटा दिग्गजों का जमावड़ा
आंदोलन को धार देने के लिए आज धरने में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हेबरन सिंह कंसाना, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष मनीषा रावत, और जिला ग्रामीण अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि यह डील भारतीय कृषि बाजार को तबाह कर देगी।
"किसानों की आय पर होगा सीधा हमला"
महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष मनीषा रावत ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि यह व्यापारिक समझौता न केवल स्थानीय छोटे व्यापारियों के लिए घातक है, बल्कि इससे किसानों की आर्थिक स्थिति भी चरमरा जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार इस डील को पूरी तरह रद्द नहीं करती, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस सड़कों पर डटी रहेगी।
भितरवार की घटना पर गरमाई सियासत
धरने के दौरान यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हेबरन सिंह ने भितरवार मंडी में किसान और नायब तहसीलदार के बीच हुई हालिया झड़प का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन किसानों की जायज मांगों को बलपूर्वक दबाने की कोशिश कर रहा है। किसान पर झूठा मामला दर्ज कर उसे थाने में बंद करना सरासर अन्याय है। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ पीड़ित किसान को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।
जारी रहेगा आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र सरकार ने इस ट्रेड डील पर पुनर्विचार नहीं किया, तो डबरा से शुरू हुआ यह आंदोलन पूरे जिले और संभाग में और अधिक उग्र रूप लेगा। आज के प्रदर्शन में जयप्रकाश शर्मा, सुरेंद्र यादव, प्रभु दयाल जौहरे और जमील खान सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक और जिला स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।