Sheopur Anganwadi video: महिला एवं बाल विकास विभाग के दावों और आंगनबाड़ियों में मिलने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता की एक बार फिर पोल खुल गई है। जिले की ग्राम पंचायत चंद्रपुरा (फ़िलोजपुरा) के एक आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में कीड़े मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
थाली में रेंगते दिखे कीड़े
जानकारी के अनुसार, केंद्र पर जब बच्चों को मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal) परोसा गया, तो दाल के अंदर कीड़े तैरते हुए दिखाई दिए। बच्चों के स्वास्थ्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को देख परिजन और ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने तुरंत इसका वीडियो बना लिया। ग्रामीणों ने दाल में रेंगते कीड़ों का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के खाने को लेकर यह लापरवाही पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी खाने की खराब गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा चुकी थीं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
दो स्वसहायता समूहों की छुट्टी
मामला तूल पकड़ते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया। कलेक्टर शीलू दाहिमा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए। जांच रिपोर्ट में शिकायत सही पाए जाने पर भोजन सप्लाई करने वाले 'गुरु महाराज स्वसहायता समूह' और 'गणेश स्वसहायता समूह' को तत्काल प्रभाव से काम से हटा दिया गया है। बताया जा रहा है कि गांव के अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में भी इसी समूह द्वारा भोजन की आपूर्ति की जा रही थी, जिस पर अब रोक लगा दी गई है। प्रशासनिक स्तर पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब नए समूह को भोजन व्यवस्था सौंपने की तैयारी की जा रही है, ताकि बच्चों को शुद्ध और पौष्टिक आहार मिल सके।