पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले के मरवाही विकासखंड स्थित सेमरदर्री प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास में छात्राओं द्वारा की गई शिकायतों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभारी अधीक्षिका ऋतु गुप्ता को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया है। विभागीय जांच में छात्राओं द्वारा लगाए गए कई गंभीर आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह निर्णय लिया गया।
विभागीय जांच में शिकायतें सही मिलीं
छात्रावास में लंबे समय से भोजन की गुणवत्ता, मूलभूत सुविधाओं की कमी और अनुशासन व्यवस्था को लेकर छात्राओं की शिकायतें सामने आ रही थीं। मामले की जांच कराई गई, जिसमें कई शिकायतें सही पाई गईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारी ने प्रभारी अधीक्षिका को पद से हटाने के आदेश जारी किए।
खराब भोजन और मूलभूत सुविधाओं की कमी
छात्राओं ने शिकायत में बताया था कि उन्हें समय पर नाश्ता नहीं दिया जाता था और भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब रहती थी। कई बार भोजन में कीड़े मिलने की बात भी कही गई। इसके अलावा साबुन सहित अन्य आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री समय पर उपलब्ध नहीं कराई जाती थी, जिससे छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ रही थी।
दुर्व्यवहार और निजी कार्य कराने के आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि छात्राओं से निजी कार्य करवाए जाते थे। अधीक्षिका अपने लिए अलग भोजन तैयार करवाती थीं और भोजन के बाद बर्तन भी छात्राओं से धुलवाए जाते थे। छात्राओं का यह भी कहना था कि शिकायत करने पर उन्हें डराया-धमकाया गया और शिकायत वापस लेने के लिए पुलिस कार्रवाई की चेतावनी तक दी गई।
प्रशासन ने दिखाई सख्ती
मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल जांच कराई। जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने पर प्रभारी अधीक्षिका को पद से हटा दिया गया। प्रशासन का कहना है कि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।