Bhopal AIIMS Iftar Party : राजधानी भोपाल स्थित एम्स अस्पताल के बाहर उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी संगठनों का आरोप है कि हाल ही में एम्स परिसर में रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था, जो ईद से एक दिन पहले हुआ। इसी को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “जिहाद बंद करो” जैसे पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया और परिसर में धार्मिक गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए।
नवरात्रि में धार्मिक आयोजन की मांग
हिंदू संगठनों ने नवरात्रि के दौरान अस्पताल परिसर में कन्या पूजन और हनुमान चालीसा पाठ की अनुमति देने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिसर की “शुद्धि” के लिए धार्मिक पाठ कराया जाना चाहिए।
पुलिस बल तैनात
स्थिति को देखते हुए अस्पताल के जिस गेट पर प्रदर्शन हो रहा था, उसे बंद कर दिया गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने। पुलिस का कहना है कि विरोध प्रदर्शन के बावजूद मरीजों और उनके परिजनों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
प्रबंधन की चुप्पी
मामले में एम्स भोपाल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मामला गरमाता जा रहा है।