रायपुर। शादी-ब्याह के सीजन और गर्मी की छुट्टियों के बीच रेलवे यात्रियों की परेशानियां बढ़ने वाली हैं। अप्रैल से मई के बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और ईस्ट-कोस्ट रेलवे में चल रहे बड़े निर्माण कार्यों के कारण दर्जनों ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कई ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द होंगी तो कुछ को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा।
कंफर्म टिकट मिलना होगा मुश्किल
ट्रेनों की संख्या कम होने के चलते यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिन रूट्स पर ट्रेनें रद्द हैं, वहां की वैकल्पिक ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में लोग अब फ्लाइट और बस जैसे विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
इन ट्रेनों के बदले जाएंगे रूट
गोंदिया स्टेशन पर चल रहे कार्य के चलते कई ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं—
रीवा-इतवारी एक्सप्रेस अब जबलपुर-नैनपुर-बालाघाट मार्ग से चलेगी
बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस (2 से 23 मई) दुर्ग-गोंदिया के बीच रद्द
मुंबई-गोंदिया एक्सप्रेस अंजनी-गोंदिया के बीच बंद
जबलपुर-गोंदिया पैसेंजर और MEMU/DEMU सेवाएं आंशिक रूप से रद्द
4 से 24 अप्रैल तक ये प्रमुख ट्रेनें रहेंगी रद्द
अप्रैल में दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगेगा। इस दौरान कई प्रमुख ट्रेनें रद्द रहेंगी. जिसमें शालीमार एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस समता एक्सप्रेस शामिल है, इसका मुख्य कारण गोंदिया स्टेशन पर वॉशेबल एप्रन और ट्रैक अपग्रेड का कार्य है।
पुरी स्टेशन पर भी बड़ा बदलाव
पुरी स्टेशन के आधुनिकीकरण कार्य के चलते मार्च से मई तक कई लंबी दूरी की ट्रेनें पुरी तक नहीं जाएंगी। कई ट्रेनें अब साक्षी गोपाल स्टेशन तक सीमित है, लेकिन इंदौर-पुरी और पुरी-श्री गंगानगर एक्सप्रेस अब बीर पुरुषोत्तमपुर से संचालित होगी।
3 मई से 24 मई तक और असर
गोंदिया स्टेशन पर वॉशेबल एप्रन निर्माण के चलते टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस रद्द रहेगी, इसके साथ ही रायपुर-इतवारी पैसेंजर बंद व गोंदिया-डोंगरगढ़ और अन्य लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेगी। साथ ही अकलतरा स्टेशन पर भी काम जारी रहेगी। 30 मार्च से 11 अप्रैल तक अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी और यार्ड रिमॉडलिंग कार्य होगा, बिलासपुर-रायगढ़ MEMU रद्द, रायपुर-कोरबा पैसेंजर बंद, गोंदिया-झारसुगुड़ा ट्रेन बिलासपुर तक सीमित है।
रेलवे ने दी आंशिक राहत
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कोरबा-बिलासपुर के बीच हसदेव एक्सप्रेस को पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला लिया है। हालांकि पीक सीजन के चलते यात्रियों को यात्रा से पहले पूरी योजना बनाकर चलने की सलाह दी गई है। शादी और छुट्टियों के सीजन में ट्रेनों का रद्द होना यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। ऐसे में यात्रियों को पहले से टिकट बुकिंग, वैकल्पिक रूट और यात्रा योजना तैयार रखना बेहद जरूरी है।