होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Chachaura jail Video : चाचौड़ा उपजेल में उपजेलर का अत्याचार, मारपीट का वीडियो वायरल

Chachaura jail Video : चाचौड़ा उपजेल में उपजेलर का अत्याचार, मारपीट का वीडियो वायरल

लोकेशन: गुना (मध्यप्रदेश) 
संवाददाता: विनोद कुशवाह| मो. 7974376782

Chachaura jail Video : गुना जिले की चाचौड़ा उपजेल के अंदर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उपजेलर यू.एस. मोहाने द्वारा कैदियों के साथ कथित रूप से मारपीट करते हुए देखा जा रहा है। वायरल वीडियो में कैदियों को पेड़ से लिपटाकर पीछे से डंडे से पीटते हुए दिखाया गया है, जिससे जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा पुराना वीडियो 

बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब छह महीने पुराना है, लेकिन अब इसके सामने आने से मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जेल के भीतर कैदियों के साथ किए जा रहे कथित अमानवीय व्यवहार को लेकर बहस तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, चाचौड़ा उपजेल में लंबे समय से कैदियों से पैसों की मांग को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि जेल के भीतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के नाम पर कैदियों के परिजनों से अवैध वसूली की जा रही थी। अब मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद इन आरोपों को और बल मिला है।

ड्यूटी से गायब मिले उपजेलर

मामले की जमीनी हकीकत जानने के लिए जब मीडिया की टीम चाचौड़ा उपजेल पहुंची, तो वहां सन्नाटा पसरा मिला। उपजेलर यू.एस. मोहाने ड्यूटी से गायब पाए गए। जानकारी के अनुसार वे पिछले तीन-चार दिनों से जेल से अनुपस्थित हैं और वर्तमान में छुट्टी पर बताए जा रहे हैं। वहीं, जेल के प्रभारी अधिकारी इस मामले में कोई स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए।

क्या बोले एसडीएम?

इस पूरे मामले पर एसडीएम रवि मालवीय ने बताया कि उन्हें तीन दिन पहले मीडिया के माध्यम से वायरल वीडियो की जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा कि वीडियो की प्रमाणिकता और समय-सीमा की जांच के लिए इसे वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने और वरिष्ठ कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अंदर कैसे पहुंचा मोबाइल?

जेल के भीतर हुई इस कथित अमानवीय घटना ने मानवाधिकारों और जेल सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर पोल खोलकर रख दी है। जिला प्रशासन अब यह भी जांच कर रहा है कि वीडियो किसने बनाया और जेल के संवेदनशील क्षेत्र में मोबाइल फोन कैसे पहुंचा।


संबंधित समाचार