होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

नवा रायपुर में राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने संभाला पदभार, सीएम विष्णुदेव साय रहे मौजूद

नवा रायपुर में राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने संभाला पदभार, सीएम विष्णुदेव साय रहे मौजूद

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नवा रायपुर स्थित नीति भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

दीर्घकालिक विकास रणनीति में आयोग की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के समग्र और दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। यह संस्था साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रदेश के विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाती है।

विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप तैयार हो रहा विज़न डॉक्यूमेंट

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने भी राज्य के भविष्य को ध्यान में रखते हुए ‘छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट 2047’ तैयार किया है, जिससे प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की स्पष्ट योजना बनाई जा रही है।

आकांक्षी जिलों के विकास में नीति आयोग की पहल

सीएम साय ने कहा कि योजना आयोग के स्थान पर नीति आयोग का गठन एक दूरदर्शी कदम था। नीति आयोग के माध्यम से संचालित आकांक्षी जिलों का कार्यक्रम देश के पिछड़े क्षेत्रों को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुआ है। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी इस योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

प्रदेश में विकास को नई रफ्तार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी को आधार बनाकर प्रदेश में विकास को नई गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि गणेश शंकर मिश्रा के अनुभव और मार्गदर्शन से राज्य नीति आयोग की कार्यक्षमता और मजबूत होगी तथा विकास से जुड़े सुझावों को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ रहा – मिश्रा

राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ लगातार प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर नीतियों और योजनाओं के माध्यम से राज्य को अधिक समृद्ध और विकसित बनाने के लिए सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी, विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी के महापौर रामू रोहरा, राज्य नीति आयोग के सदस्य डॉ. के. सुब्रह्मण्यम, सदस्य सचिव आशीष भट्ट, सचिव भुवनेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

 


संबंधित समाचार