होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

महाभारत के अश्वत्थामा और 'गजनी' फेम दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत का निधन, 74 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

महाभारत के अश्वत्थामा और 'गजनी' फेम दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत का निधन, 74 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता प्रदीप रावत का मंगलवार शाम 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे अभिनेता की बीमारी दोबारा लौट आई थी। पिछले एक महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने भी निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि कैंसर के दोबारा उभरने के कारण उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी।

महाभारत के अश्वत्थामा से मिली पहली बड़ी पहचान

प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर की थी। इस किरदार ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया और अपने दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई।

बॉलीवुड और साउथ फिल्मों के यादगार विलेन बने

प्रदीप रावत ने हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में भी अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी प्रमुख फिल्मों में लगान, सरफरोश, गजनी, आवारापन, बैजू बावरा, ग्रैंड मस्ती, सई (तेलुगु), चाइना टाउन (मलयालम), हीरो 420 (बंगाली), क्रैक फाइटर (भोजपुरी) शामिल हैं। तमिल फिल्म 'गजनी' में उनके निभाए गए डबल रोल को दर्शकों ने खूब पसंद किया। बाद में उन्होंने इसी किरदार को हिंदी रीमेक में भी निभाकर बड़ी पहचान हासिल की।

सलमान खान ने सुनाया था दिलचस्प किस्सा

कुछ समय पहले फिल्म 'सिकंदर' की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान खान ने बताया था कि उन्हें 'गजनी' फिल्म को लेकर प्रदीप रावत ने एक मजेदार बात कही थी। सलमान के अनुसार, प्रदीप रावत ने मजाक में कहा था कि निर्देशक ए.आर. मुरुगदॉस बेहद अनुशासित हैं और उनके साथ सलमान का काम करना मुश्किल हो सकता है। इस घटना को सलमान ने हंसी-मजाक के अंदाज में साझा किया था।

सोनू सूद ने दी भावुक श्रद्धांजलि

अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर प्रदीप रावत की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी और फिल्म इंडस्ट्री ने एक बेहतरीन कलाकार खो दिया है।

फिल्म इंडस्ट्री ने खोया एक शानदार कलाकार

प्रदीप रावत ने अपने करियर में खलनायक, चरित्र अभिनेता और ऐतिहासिक किरदारों के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनका अभिनय, दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और अलग अंदाज हमेशा याद रखा जाएगा। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान लंबे समय तक प्रेरणा देता रहेगा।
 


संबंधित समाचार