होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

सड़क हादसे में NTPC कर्मी की मौत से भड़का आक्रोश, परिवार ने मांगी नौकरी और उचित मुआवजा

सड़क हादसे में NTPC कर्मी की मौत से भड़का आक्रोश, परिवार ने मांगी नौकरी और उचित मुआवजा

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क हादसे में NTPC कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। पुसौर थाना क्षेत्र में रहने वाले देवेंद्र साव की हादसे में मौत के बाद परिजन और ग्रामीण उनका शव लेकर NTPC गेट के सामने पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने के साथ उचित मुआवजा देने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, देवेंद्र साव पुसौर क्षेत्र के माल्दा गांव के रहने वाले थे और NTPC के अधीन त्रिवेणी कंपनी में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि रायपुर से वापस लौटने के दौरान सरायपाली-बासना मार्ग पर उनका सड़क हादसा हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई।

कमाने वाले सदस्य की मौत से परिवार पर आर्थिक संकट

देवेंद्र साव की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का कहना है कि देवेंद्र परिवार के प्रमुख कमाने वाले सदस्यों में शामिल थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसी को देखते हुए परिजन मृतक के परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार देने और उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

NTPC गेट के सामने शव रखकर प्रदर्शन

मांगों को लेकर परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण शव को लेकर NTPC गेट के सामने पहुंचे। यहां शव रखकर प्रदर्शन शुरू किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परिवार को राहत और रोजगार के संबंध में ठोस निर्णय होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।

पुलिस और प्रशासन मौके पर

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत शुरू की है। प्रशासन की ओर से स्थिति को शांत कराने और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल NTPC गेट के सामने प्रदर्शन जारी है। अब सभी की निगाहें प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के साथ होने वाली बातचीत तथा मृतक के परिवार की मांगों पर होने वाले निर्णय पर टिकी हैं।


संबंधित समाचार