बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी में सड़क हादसे का शिकार होने के चलते 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार में सवार होकर सभी लोग इंदौर की ओर जा रहे थे। तभी जामली टोल प्लाजा के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर रॉन्ग साइड में पहुंच गई और उसी समय सामने से आ रही तेज रफ्तार कंटेनर ने गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
सोमवार सुबह 7 बजे के करीब हुआ हादसा
हादसा बड़वानी जिले के सेंधवा शहर से 10 किलोमीटर दूर मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह 7 बजे के करीब हुआ। बताया जा रहा है कि हादसा इतना ज्यादा भीषण था कि एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनो को सूचित भी कर दिया गया है।
पुलिस ने की मृतकों पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान बद्रीनाथ नांगरे (30) और अनिकेत (28) के रूप में की है। जबकि इस एक्सीडेंट में भूषण राजाराम (25) निवासी पुणे और औकार अमित (26) निवासी संभाजी नगर गंभीर रूप से घायल हैं। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
नींद की झपकी आने के कारण हुआ हादसा
इधर, घटना के बाद मौके पर जहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तो वही सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चारों युवक रात करीब एक बजे यात्रा पर निकले थे और धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए लेह-लद्दाख जाने की योजना थी। लेकिन इसके पहले ही सभी हादसे का शिकारो गए। आशंका जताई जा रही है चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ होगा। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।