होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

करनाल में दर्दनाक हादसा: बिजली के करंट से झुलसे 20 श्रद्धालु, लोगों को बचाते हुए रिटायर्ड फौजी की मौत

करनाल में दर्दनाक हादसा: बिजली के करंट से झुलसे 20 श्रद्धालु, लोगों को बचाते हुए रिटायर्ड फौजी की मौत

करनाल: हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा में शनिवार देर रात श्रद्धालुओं से भरे एक कैंटर के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। राजस्थान के बागड़ धाम दर्शन के लिए जा रहे करीब 60 श्रद्धालुओं के कैंटर के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन अचानक टूटकर वाहन पर गिर गई। करंट फैलते ही कैंटर में आग लग गई और उसके चारों टायर तेज धमाके के साथ फट गए। हादसे में करीब 20 श्रद्धालु झुलस गए, जबकि लोगों को बचाने पहुंचे रिटायर्ड सैनिक नरेश कुमार राणा की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए करनाल रेफर किया गया।

लोहे के पाइप से बढ़ाई गई थी कैंटर की ऊंचाई

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, कैंटर में अधिक श्रद्धालुओं को बैठाने के लिए लोहे के रैक और पाइप वेल्ड कराकर वाहन की ऊंचाई करीब तीन फीट तक बढ़ाई गई थी। वाहन को डबल डेकर जैसा रूप दिया गया था। घरौंडा के मिनी बाईपास पर जैसे ही कैंटर आगे बढ़ा, ऊपर लगा लोहे का हिस्सा हाईटेंशन तारों के संपर्क में आ गया। तार टूटकर कैंटर पर गिरते ही पूरे वाहन में करंट फैल गया और देखते ही देखते आग लग गई। बताया जा रहा है कि कैंटर के ऊपरी हिस्से में पुरुष, जबकि निचले हिस्से में महिलाएं और बच्चे बैठे थे।

यात्रियों को बचाने पहुंचे पूर्व सैनिक की मौत

हादसे के बाद कैंटर में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर पास रहने वाले पूर्व सैनिक नरेश कुमार राणा लोगों की मदद के लिए तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। इसी दौरान वे नीचे लटक रही बिजली की तार की चपेट में आ गए। करंट का जोरदार झटका लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। नरेश राणा दो बच्चों के पिता थे। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उनकी बहादुरी को देखते हुए राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की मांग की है। साथ ही बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।

CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में रात करीब 9:13 बजे श्रद्धालुओं का जत्था कैंटर से गुजरता दिखाई देता है। इसी दौरान बिजली के खंभे से चिंगारियां निकलती हैं और कुछ ही सेकंड बाद जोरदार धमाका होता है। धमाके के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। कई यात्रियों ने कैंटर से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

7 गंभीर घायलों को करनाल किया गया रेफर

हादसे के बाद सभी घायलों को घरौंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे सात लोगों को करनाल के हायर सेंटर रेफर किया गया। गंभीर घायलों में मीना, सोहन पाल, विकास और अनीता समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में डॉक्टरों की कमी और एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि अगर समय पर बेहतर चिकित्सा और एंबुलेंस की सुविधा मिल जाती, तो पूर्व सैनिक नरेश राणा की जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, इस संबंध में जिम्मेदारी तय करने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग की जांच जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मृतक पूर्व सैनिक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कैंटर में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने, वाहन की ऊंचाई बढ़ाने और हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसकी लापरवाही रही।


संबंधित समाचार