रायपुर। शिक्षक दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। 5 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले राज्य शिक्षक सम्मान समारोह में प्रदेश के 68 शिक्षकों को सम्मान मिलेगा। इनमें से शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उल्लेखनीय कार्य करने वाले चार शिक्षकों को विशेष स्मृति पुरस्कार के लिए चुना गया है।
राजधानी रायपुर के लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में शनिवार सुबह 11 बजे सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
अलग-अलग श्रेणियों के शिक्षक होंगे सम्मानित
राज्य शिक्षक सम्मान के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से शिक्षकों का चयन किया गया है। सम्मान पाने वालों में प्राचार्य, प्रधान पाठक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक सहित शिक्षा विभाग की विभिन्न श्रेणियों में कार्यरत शिक्षक शामिल हैं। रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा, जशपुर और कोरबा समेत प्रदेश के कई जिलों के शिक्षकों को इस सम्मान के लिए चुना गया है।
चार शिक्षकों को मिलेगा स्मृति पुरस्कार
राज्य शिक्षक सम्मान के अलावा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और नए प्रयोग करने वाले चार शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार दिया जाएगा। इस बार खैरागढ़ के राजेश, कोरबा के कामता, दुर्ग की प्रज्ञा और सारंगढ़ की प्रियंका का चयन स्मृति पुरस्कार के लिए किया गया है।छत्तीसगढ़ सरकार हर साल प्रदेश के चार प्रमुख साहित्यकारों और विद्वानों की स्मृति में यह विशेष पुरस्कार प्रदान करती है। पुरस्कार डॉ. पदुमलाल पन्नालाल बख्शी, गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ. मुकुटधर पांडेय और बलदेव प्रसाद मिश्र की स्मृति में दिए जाते हैं। चयनित चार शिक्षकों को 50-50 हजार रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किया जाएगा।
4 सितंबर को पहुंचना होगा रायपुर
सम्मान समारोह में शामिल होने वाले शिक्षकों को कार्यक्रम से एक दिन पहले यानी 4 सितंबर की सुबह 8 बजे तक SCERT शंकर नगर स्थित गेस्ट हाउस में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। इसी दिन सुबह 11 बजे छत्तीसगढ़ मंडपम में समारोह की रिहर्सल रखी गई है। शिक्षा विभाग ने सभी चयनित शिक्षकों के लिए रिहर्सल में शामिल होना अनिवार्य किया है।
परिजनों के ठहरने की व्यवस्था नहीं
विभाग की ओर से चयनित शिक्षकों के साथ आने वाले परिजनों और अन्य लोगों के लिए ठहरने की व्यवस्था नहीं की गई है। साथ ही उन्हें लोकभवन परिसर में प्रवेश की अनुमति भी नहीं होगी। शिक्षा विभाग ने समारोह में शामिल होने वाले शिक्षकों को 4 और 5 सितंबर को शालीन एवं गरिमापूर्ण पोशाक में आने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षक दिवस पर होगा सम्मान
हर साल 5 सितंबर को देशभर में शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इसी अवसर पर छत्तीसगढ़ में भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है।