Breaking news : छत्तीसगढ़ में बुधवार का दिन प्रशासनिक, राजनीतिक और रेलवे से जुड़े कई महत्वपूर्ण घटनाक्रमों के नाम रहने वाला है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज रायपुर पहुंचेंगे और AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय जल सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में ‘कैच द रेन’ अभियान से जुड़े विचार-विमर्श के समापन सत्र में छत्तीसगढ़ की भूमिका प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा रायपुर में NHAI की विशेष कार्यशाला और प्रदेश स्तरीय व्यापारी कर संवाद का आयोजन होगा। दूसरी ओर रेलवे ने अधोसंरचना विकास कार्यों के कारण हमसफर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज पहुंचेंगे रायपुर
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार सुबह छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। उनका विमान सुबह करीब 9.55 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा। एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, राज्य सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधि उनका स्वागत करेंगे। एयरपोर्ट से उपराष्ट्रपति सीधे AIIMS रायपुर के लिए रवाना होंगे। यहां वे संस्थान के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनका कार्यक्रम सुबह लगभग 10.45 बजे से दोपहर 12.35 बजे तक निर्धारित है। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर करीब 1.15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
दिल्ली में राष्ट्रीय जल मंच पर छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे। इस सम्मेलन के ‘कैच द रेन’ सत्र के समापन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ को सौंपी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन से जुड़े देशव्यापी विचार-विमर्श का समाहार प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ के जल संरक्षण मॉडल, ‘5 प्रतिशत मॉडल’ और राज्य के ‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान पर भी चर्चा होने की संभावना है। राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर छत्तीसगढ़ को अपने जल प्रबंधन और संरक्षण प्रयासों को प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
रायपुर में NHAI की विशेष कार्यशाला
रायपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से विजिलेंस अवेयरनेस वीक 2026 के तहत एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। होटल सयाजी में होने वाले इस कार्यक्रम का विषय “Conduct Rules and CTE Type Inspection” रखा गया है। कार्यशाला में प्रशासनिक पारदर्शिता, ईमानदारी, जवाबदेही और नैतिक शासन से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यप्रणाली में सतर्कता और पारदर्शिता को मजबूत करना बताया गया है।
कुगदा आरयूबी पर 10 सितंबर तक भारी वाहनों की एंट्री बंद
रायपुर क्षेत्र में कुगदा गेट रोड अंडर ब्रिज के एप्रोच हिस्से में निर्माण कार्य के चलते भारी वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगाई गई है। 2 सितंबर से 10 सितंबर तक भारी वाहनों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के अनुसार कुम्हारी-ए केबिन और सी-केबिन के बीच हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर स्थित कुगदा गेट के आरयूबी एप्रोच हिस्से में कवर्ड शेड का निर्माण किया जा रहा है।
आज होगा प्रदेश स्तरीय ‘व्यापारी कर संवाद’
छत्तीसगढ़ में व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से प्रदेश स्तरीय ‘व्यापारी कर संवाद’ का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का आयोजन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) छत्तीसगढ़ और आयकर विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम की विशेष बात यह है कि इसे “एक प्रदेश – एक दिन – एक संवाद” की अवधारणा के तहत आयोजित किया जाएगा। राज्य के विभिन्न जिलों में व्यापारी और विभागीय अधिकारी एक ही दिन संवाद कार्यक्रम से जुड़ेंगे। इस दौरान आयकर विभाग के अधिकारी व्यापारियों को कर से संबंधित नियमों, प्रक्रियाओं और आवश्यक जानकारियों से अवगत कराएंगे। साथ ही व्यापारियों की जिज्ञासाओं और समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा होगी।
हमसफर एक्सप्रेस रद्द, कई ट्रेनों के रूट में बदलाव
रेलवे अधोसंरचना से जुड़े कार्यों का असर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित कई ट्रेनों पर पड़ेगा। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के अंतर्गत बीना स्टेशन पर तीसरी लाइन की कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है। इस कारण कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं। कुछ ट्रेनों को बीच के स्टेशन पर समाप्त और वहीं से प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। 22169 रानी कमलापति-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को रानी कमलापति स्टेशन से रद्द रहेगी। वहीं 22170 संतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस 15 अक्टूबर को संतरागाछी स्टेशन से रद्द रहेगी।
शालीमार एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी
22830 शालीमार-भुज एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को शालीमार से रवाना होने के बाद परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएगी। यह ट्रेन बीना मालखेड़ी, महादेवखेड़ी, गुना, रूठियाई और मक्सी के रास्ते भुज पहुंचेगी। इसी तरह 22829 भुज-शालीमार एक्सप्रेस 13 अक्टूबर को भुज से रवाना होकर मक्सी, रूठियाई, गुना, महादेवखेड़ी और बीना मालखेड़ी के रास्ते शालीमार जाएगी।
बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस भी प्रभावित
18236 बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस 6 अक्टूबर से 14 अक्टूबर के बीच बिलासपुर से चलने पर बीना मालखेड़ी जंक्शन तक ही संचालित होगी। इस अवधि में ट्रेन का बीना मालखेड़ी से भोपाल के बीच संचालन प्रभावित रहेगा। वहीं 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस 7 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक भोपाल के बजाय बीना मालखेड़ी जंक्शन से बिलासपुर के लिए रवाना होगी।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे से प्रभावित तारीखों में यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति और रूट की जानकारी अवश्य जांच लें। निर्माण और तकनीकी कार्यों के कारण समय-सारिणी या संचालन व्यवस्था में बदलाव संभव है।