नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से ठीक पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं। भारत को अपना पहला मुकाबला अमेरिका के खिलाफ 7 फरवरी को खेलना है, लेकिन उससे पहले ही टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार शाम को टीम को हर्षित की फिटनेस समस्या के बारे में जानकारी दी गई थी। उनकी जगह अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूर्यकुमार यादव ने दिया फिटनेस पर अपडेट:
भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हर्षित राणा अभी आधिकारिक तौर पर बाहर नहीं हुए हैं, लेकिन उनकी स्थिति अच्छी नहीं दिख रही। उन्होंने कहा “हर्षित राणा अभी बाहर नहीं हुए हैं। फिजियो उनका चेकअप कर रहे हैं, लेकिन उनकी हालत ठीक नहीं लग रही है।” जब उनसे पूछा गया कि अगर हर्षित बाहर होते हैं तो क्या यह बड़ा झटका होगा, तो सूर्या ने माना कि टीम उन्हें मिस करेगी। उन्होंने कहा कि टीम के पास तेज गेंदबाजी में कई विकल्प मौजूद हैं और सबसे बेहतर खिलाड़ी को चुना जाएगा।
वार्म-अप मैच में लगी चोट:
हर्षित राणा की परेशानी साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच के दौरान सामने आई। वह एक ही ओवर में दो बार अपनी डिलीवरी स्ट्राइड पूरी नहीं कर पाए और घुटने में दर्द के कारण लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए। उन्होंने मैच में सिर्फ एक ओवर फेंका, जिसमें 16 रन दिए, जिसके बाद उनकी भागीदारी खत्म हो गई। इसी चोट के कारण अब उनके वर्ल्ड कप खेलने पर संशय बना हुआ है।
सिराज बन सकते हैं रिप्लेसमेंट:
अगर हर्षित राणा टूर्नामेंट से बाहर होते हैं, तो टीम मैनेजमेंट मोहम्मद सिराज को रिप्लेसमेंट के रूप में चुन सकता है। सिराज का अनुभव बड़े टूर्नामेंट में भारत के लिए अहम साबित हो सकता है। टी20 वर्ल्ड कप से पहले हर्षित राणा की चोट ने टीम इंडिया की रणनीति को प्रभावित किया है। अब नजरें इस बात पर हैं कि अंतिम समय में टीम मैनेजमेंट किस तेज गेंदबाज को मौका देता है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ मैच से करेगी, जहां गेंदबाजी संयोजन अहम भूमिका निभाएगा।