उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन में गुरुवार को सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां सर्वधर्म हिंदू सनातन परिषद के तत्वावधान में निकली गई भव्य चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
भैरवगढ़ मार्ग स्थित मां बगलामुखी दशमहाविद्या धाम पहुंचे
यात्रा की शुरुआत ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर से हुई। यहां से श्रद्धालु भैरवगढ़ मार्ग स्थित मां बगलामुखी दशमहाविद्या धाम पहुंचे। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान भालू, मोटू-पतलू और जेठालाल-दया के वेश में कलाकार गरबा करते नजर आए।
तलवार थामे महिला आकर्षण का केंद्र रही
वहीं, घोड़े पर सवार हाथ में तलवार थामे महिला भी आकर्षण का केंद्र रही। अनूठे अंदाज में निकली यात्रा को देखने के लिए मार्ग पर लोगों की भीड़ जुटी। मां बगलामुखी धाम पहुंचने पर माता की आरती कर चुनरी अर्पित की गई। इसके बाद भंडारे और प्रसादी का आयोजन हुआ।
यात्रा में मातृशक्ति की भागीदारी उत्साहजनक रही
यात्रा को लेकर ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर के गादीपति महंत योगी महावीरनाथ ने कहा कि यात्रा में मातृशक्ति की भागीदारी उत्साहजनक रही। श्रद्धालुओं की भीड़ देखकर कुंभ जैसी अनुभूति हुई। उन्होंने सनातन धर्म के लोगों से ऐसे आयोजनों में शामिल होकर धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता मजबूत करने की अपील की।