Ukraine-Russia war : रूस ने रविवार तड़के कीव और यूक्रेन के अन्य हिस्सों पर ड्रोन और मिसाइलों की बौछार कर दी। जिनमें बड़ी संख्या में रिहायशी इलाकों में तबाही मच गई। हमले में कम से कम चार लोग मारे गए और दर्जनों घायल होने के समाचार हैं। हालांकि यूक्रेन की सेना का दावा है कि उसने 568 ड्रोन और 43 मिसाइलों को मार गिराया लेकिन हकीकत इसके उलट है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि 12 घंटे तक चले हमले में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। उधर, पोलैंड ने दो दक्षिण-पूर्वी शहरों के पास अपना एयर स्पेस बंद कर दिया और उसकी वायु सेना ने खतरा टलने तक जवाबी कार्रवाई में जेट विमान भेजे।
इन आरोपों का किया बचाव:
जेलेंस्की ने रूस पर नाटो देशों को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया. 20 सितंबर को ब्रिटेन ने पोलैंड के ऊपर ड्रोन उल्लंघन के बाद नाटो मिशन के तहत फाइटर जेट भेजे थे. हालांकि रूस ने कहा है कि उसका पोलैंड पर हमला करने का कोई इरादा नहीं है।
एस्टोनिया और पोलैंड ने शुरू की युद्ध की तैयारी:
यूक्रेन पर रूस के बड़े हमलों के बाद पोलैंड और एस्टोनिया ने भी लगभग जंग की तैयारी कर ली है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात पोलैंड ने विमानों को अलर्ट पर भेजा और अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। हालांकि पोलैंड ने इसे 'सावधानी के तौर पर उठाया गया कदम' बताया ताकि नागरिक सुरक्षित रहें।
रूस के हमलों से मची भगदड़ :
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि इस हमले में एक कार्डियोलॉजी क्लिनिक, कारखाने और आवासीय इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई और कई के मारे जाने व घायल होने के समाचार हैं। वहीं यूक्रेन की सेना ने कहा कि रूस ने रात भर में 595 ड्रोन और 48 मिसाइलें दागीं और उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने कई को मार गिराया। हमले का मुख्य लक्ष्य राजधानी कीव थी।
रूस ने दागीं लंबी दूरी की मिसाइल:
रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि उसने यूक्रेन पर लंबी दूरी के हवाई और समुद्री हथियारों और ड्रोन का इस्तेमाल करके हवाई अड्डों सहित सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर एक बड़े पैमाने पर हमला किया है। मॉस्को ने यूक्रेन के खिलाफ अपने युद्ध में नागरिकों को निशाना बनाने से इनकार किया है। इस हमलों में रिहायशी इलाकों को भारी नुकसान पहुंचा है।