होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

RCB vs GT Highlights: पाटीदार की 93 रन की विस्फोटक पारी, बेंगलुरु ने IPL फाइनल में बनाई जगह...

RCB vs GT Highlights: पाटीदार की 93 रन की विस्फोटक पारी, बेंगलुरु ने IPL फाइनल में बनाई जगह...

IPL 2026 Playoffs:  आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटन्स (GT) को 92 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में रजत पाटीदार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन उनका यह निर्णय टीम पर भारी पड़ गया। RCB ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में गुजरात की पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर सिमट गई।

रजत पाटीदार की विस्फोटक पारी ने बदला मैच

RCB की शुरुआत संभली हुई रही, लेकिन टीम को पहला झटका वेंकटेश अय्यर के रूप में लगा, जो 19 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार बने। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभालते हुए 72 रन की साझेदारी की। विराट कोहली ने 43 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल 30 रन बनाकर आउट हुए। दोनों बल्लेबाजों को जेसन होल्डर ने एक ही ओवर में पवेलियन भेजा। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिली। क्रुणाल पंड्या ने भी 43 रन का अहम योगदान दिया। अंत में जितेश शर्मा ने 5 गेंदों पर 15 रन बनाकर टीम का स्कोर 254 तक पहुंचाया।

गुजरात की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप

255 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 51 रन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए। साई सुदर्शन 14 रन, शुभमन गिल 2 रन और जोस बटलर 29 रन बनाकर आउट हुए। निशांत सिंधु और जेसन होल्डर खाता तक नहीं खोल सके। वॉशिंगटन सुंदर भी सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। एक छोर पर राहुल तेवतिया ने जरूर संघर्ष किया और 68 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई।

गेंदबाजों ने भी दिखाया दम

RCB के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही गुजरात पर दबाव बनाए रखा। जोश हेजलवुड, भुवनेश्वर कुमार और रसिक सलाम डार ने शानदार लाइन-लेंथ से गेंदबाजी की। लगातार विकेट गिरने से गुजरात की टीम मैच में वापसी नहीं कर सकी। वहीं गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर को 2-2 विकेट मिले, लेकिन बाकी गेंदबाज महंगे साबित हुए।

अब क्वालिफायर-2 में उतरेगी गुजरात

इस जीत के साथ RCB सीधे IPL 2026 के फाइनल में पहुंच गई है। दूसरी ओर गुजरात टाइटन्स अब क्वालिफायर-2 में खेलेगी, जहां उसका सामना सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम से होगा। यह मुकाबला 29 मई को मुल्लांपुर में खेला जाएगा।

RCB Playing XI: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिक सलाम डार।

GT Playing XI: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।


संबंधित समाचार