होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी का जयपुर में तूफान, 38 गेंदों में 93 रन ठोक RR को दिलाई ऐतिहासिक जीत...

IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी का जयपुर में तूफान, 38 गेंदों में 93 रन ठोक RR को दिलाई ऐतिहासिक जीत...

RR vs LSG: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। मंगलवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 15 वर्षीय बल्लेबाज ने लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन ठोक दिए। उनकी तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 221 रन का विशाल लक्ष्य 19.1 ओवर में हासिल कर मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया।

वैभव और जायसवाल ने दिलाई विस्फोटक शुरुआत

221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती 39 गेंदों में 75 रन जोड़कर लखनऊ के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। यशस्वी के आउट होने के बाद भी वैभव का आक्रामक अंदाज जारी रहा। उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और महज 38 गेंदों में 93 रन बना डाले। इस दौरान उनके बल्ले से 10 छक्के और 7 चौके निकले। उनका स्ट्राइक रेट 244 से ज्यादा का रहा।

ध्रुव जुरेल के साथ मैच जिताऊ साझेदारी

वैभव सूर्यवंशी ने ध्रुव जुरेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 105 रन की अहम साझेदारी की। जुरेल ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 53 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाया। राजस्थान ने 19.1 ओवर में 225 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मिचेल मार्श और इंग्लिस की पारी गई बेकार

इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 220/5 का मजबूत स्कोर बनाया था। मिचेल मार्श ने 57 गेंदों में 96 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि जोश इंग्लिस ने 29 गेंदों में 60 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 109 रन जोड़े। कप्तान ऋषभ पंत ने भी 35 रन का योगदान दिया। हालांकि वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी के आगे लखनऊ का यह स्कोर भी छोटा साबित हुआ।

ऑरेंज कैप पर वैभव का कब्जा

इस पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में ऑरेंज कैप होल्डर बन गए हैं। उन्होंने अब तक 13 मैचों में 579 रन बनाए हैं। उनका औसत 44.53 और स्ट्राइक रेट 236.32 का है, जो IPL इतिहास में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा है।

IPL इतिहास में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट (500+ रन)

236.3* – वैभव सूर्यवंशी (2026)
204.8 – आंद्रे रसेल (2019)
202.0 – अभिषेक शर्मा (2026)
196.2 – निकोलस पूरन (2025)
191.5 – ट्रेविस हेड (2024)

एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

59 – क्रिस गेल (2012)
53* – वैभव सूर्यवंशी (2026)
52 – आंद्रे रसेल (2019)
51 – क्रिस गेल (2013)

क्रिस गेल के खास रिकॉर्ड के करीब पहुंचे वैभव

वैभव सूर्यवंशी IPL इतिहास में तीसरी बार एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ क्रिस गेल हैं, जिन्होंने ऐसा चार बार किया था। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स की टीम 14 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।


संबंधित समाचार