रायपुर। राजधानी रायपुर में डायल 112 में पदस्थ आरक्षक संदीप शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जारी निलंबन आदेश के अनुसार, 30 जून 2026 की रात करीब 11 बजे सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और बाइक की टक्कर की सूचना मिलने के बावजूद आरक्षक संदीप शर्मा समय पर मौके पर नहीं पहुंचे। साथ ही, घटनास्थल पर उनके अमर्यादित आचरण की शिकायत भी सामने आई।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने आरक्षक संदीप शर्मा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। आदेश में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए रक्षित केंद्र रायपुर से संबद्ध किया गया है।
निलंबन आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान आरक्षक संदीप शर्मा को नियमानुसार निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) प्रदान किया जाएगा। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता के प्रति सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।