होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रायपुर एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत से बदला फ्लाइट का रूट, नागपुर में उतरे दिल्ली-इंदौर के विमान; यात्रियों को हुई परेशानी

रायपुर एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत से बदला फ्लाइट का रूट, नागपुर में उतरे दिल्ली-इंदौर के विमान; यात्रियों को हुई परेशानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत के कारण हवाई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार शाम दिल्ली और इंदौर से रायपुर आने वाली इंडिगो की दो उड़ानों को नागपुर डायवर्ट करना पड़ा। रनवे की मरम्मत पूरी होने के बाद दोनों विमान रात करीब 9 बजे और सवा 9 बजे रायपुर लौटे। इस बदलाव के चलते यात्रियों को लगभग दो घंटे अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा। वहीं, तकनीकी कारणों से एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर उड़ान भी रद्द रही।

रनवे में खराबी मिलने पर शुरू हुई मरम्मत

एयरपोर्ट प्रबंधन की टीम को निरीक्षण के दौरान रनवे के एक हिस्से में मरम्मत की जरूरत महसूस हुई। विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और उड़ान संचालन में किसी तरह का जोखिम न हो, इसे ध्यान में रखते हुए तत्काल सुधार कार्य शुरू किया गया।

इसी दौरान दिल्ली और इंदौर से रायपुर आ रही इंडिगो की उड़ानें एयरपोर्ट के नजदीक पहुंचीं। रनवे पर काम जारी होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने दोनों विमानों को रायपुर में उतारने के बजाय नागपुर एयरपोर्ट पर लैंड करने की सलाह दी।

नागपुर डायवर्ट हुईं दोनों फ्लाइट, रात में लौटीं रायपुर

रायपुर में लैंडिंग नहीं होने के कारण दोनों विमानों को नागपुर की ओर मोड़ दिया गया। विमान में सवार यात्रियों को फ्लाइट डायवर्ट होने की जानकारी दी गई। रनवे की मरम्मत पूरी होने के बाद एटीसी से अनुमति मिलने पर दोनों विमान रायपुर पहुंचे।

अचानक बदले रूट के कारण यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय बिताना पड़ा। हालांकि, एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक रनवे की मरम्मत यात्रियों और विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तत्काल कराई गई।

तकनीकी कारणों से एयर इंडिया की फ्लाइट भी रद्द

मंगलवार को दिल्ली-रायपुर-दिल्ली मार्ग पर संचालित होने वाली एयर इंडिया की उड़ान AI 2653 भी रद्द कर दी गई। निर्धारित समय के अनुसार यह विमान दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से रवाना होकर दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचता है।

उड़ान रद्द होने के बाद प्रभावित यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से यात्रा की सुविधा दिए जाने की जानकारी सामने आई। दिल्ली और रायपुर के बीच एयर इंडिया की तीन उड़ानें संचालित होती हैं।

विमान में सवार थे छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता

रायपुर आने वाली डायवर्ट की गई उड़ान में दिल्ली से लौट रहे छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और विधायक भी सवार थे। रायपुर में लैंडिंग नहीं होने और विमान के नागपुर पहुंचने से यात्रियों के बीच चिंता की स्थिति बनी। हालांकि, विमान प्रबंधन की ओर से यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाया गया। नागपुर से रायपुर लौटने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। रनवे की मरम्मत और उड़ानों के रूट में बदलाव के चलते शाम के हवाई संचालन पर असर पड़ा।


संबंधित समाचार