भोपाल : इस साल महाशिवरात्रि का पर्व 15 फरवरी को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। भक्तों के आगमन को लेकर देशभर में मंदिर प्रशासन ने जहां तैयारी पूरी कर ली है। तो वही रेलवे ने शिवभक्तों को बड़ा तोहफा देते हुए 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। जिसकी शुरुआत आज से हो गई है। यह ट्रेनें 13 से 23 फरवरी तक संचालित होगी। जिसको लेकर शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है।
उज्जैन से भोपाल और संत हिरदाराम नगर तक सुविधा
- रतलाम मंडल ने उज्जैन से भोपाल और संत हिरदाराम नगर (सीहोर) के बीच 13 फरवरी से 23 फरवरी तक तीन जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
- ट्रेन नंबर 09305 रोज सुबह 9 बजे उज्जैन से चलकर दोपहर 1:30 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में 09306 दोपहर 2:30 बजे चलकर रात 7:30 बजे उज्जैन पहुंचेगी।
- ट्रेन नंबर 09307 रात 9 बजे उज्जैन से रवाना होकर तड़के 2:10 बजे भोपाल पहुंचेगी। वापसी में 09308 सुबह 3:10 बजे भोपाल से चलकर 8 बजे उज्जैन पहुंचेगी।
- ट्रेन नंबर 09313 शाम 4 बजे उज्जैन से चलकर रात 9:40 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में 09314 रात 10:30 बजे रवाना होकर रात 2 बजे उज्जैन पहुंचेगी।
- इन ट्रेनों का ठहराव तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल और सीहोर समेत प्रमुख स्टेशनों पर होगा।
राजकोट-वेरावल के बीच स्पेशल ट्रेन
महाशिवरात्रि मेले के मद्देनजर राजकोट और वेरावल के बीच अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेन (09513/09514) 13 फरवरी से 17 फरवरी तक प्रतिदिन चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 09513 सुबह 6:55 बजे राजकोट से रवाना होकर 10:55 बजे वेरावल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 09514 दोपहर 3:20 बजे वेरावल से चलकर रात 8:00 बजे राजकोट पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन भक्तिनगर, गोंडल, वीरपुर, जेतलसर, जूनागढ़ और केशोद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
महाशिवरात्रि मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू
बता दें कि गुजरात के सोमनाथ-वेरावल, मध्य प्रदेश के उज्जैन महाकाल और सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में लाखों भक्त हर साल महादेव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने महाशिवरात्रि मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन करने का फैसला लिया है। ताकि यात्रियों की यात्रा सुगम और सुरक्षित रहे।