होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

राहुल गांधी बोले- "परिसीमन बिल लोकतंत्र खत्म कर देगा: BJP चुनावी नक्शा बदलकर फायदा लेना चाहती है, GEN-Z मेरे साथ"

राहुल गांधी बोले- "परिसीमन बिल लोकतंत्र खत्म कर देगा: BJP चुनावी नक्शा बदलकर फायदा लेना चाहती है, GEN-Z मेरे साथ"

नई दिल्ली। लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के जरिए देश का इलेक्टोरल मैप दोबारा तैयार कर राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है। राहुल ने सवाल उठाया कि भाजपा को ऐसा करने का अधिकार किसने दिया?

राहुल गांधी ने कहा कि अब मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार 850 सीटों का नया आइडिया लेकर आए हैं। यह भारतीय लोकतंत्र को खत्म कर देगा। उन्होंने दावा किया कि Gen-Z का मानना है कि देश में वोट चोरी हो रही है और युवा उनके साथ हैं।

राहुल गांधी ने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले की। लोकसभा में 30 नवंबर से और राज्यसभा में 2 दिसंबर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा प्रस्तावित है।

महिला आरक्षण के लिए 850 सीटें क्यों जरूरी? राहुल ने उठाए सवाल

राहुल गांधी ने लोकसभा की सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिला आरक्षण विधेयक 2023 में ही संसद से पारित हो चुका है। इसे मौजूदा 543 सीटों पर भी लागू किया जा सकता है।

उन्होंने पूछा कि जब महिला आरक्षण पहले ही पास हो चुका है, तो लोकसभा की सीटें 850 करने की जरूरत क्यों है? कांग्रेस नेता का आरोप है कि महिला आरक्षण की आड़ में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करने की तैयारी की जा रही है।

परिसीमन से चुनावी नक्शा बदलने की कोशिश का आरोप

राहुल गांधी ने परिसीमन को लेकर आशंका जताई कि लोकसभा की सीटें 850 होने से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की बड़ी गुंजाइश पैदा होगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने विरोध वाले समुदायों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर कर सकती है और विपक्षी नेताओं को निशाना बना सकती है। इस दौरान उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण भी दिया।

राहुल के मुताबिक, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा सकता है।

Gen-Z को लेकर राहुल गांधी का बड़ा दावा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने चुनाव में कथित गड़बड़ी को लेकर अपनी पार्टी के सर्वे का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि 80 प्रतिशत भारतीय और करीब 100 प्रतिशत Gen-Z मानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव में गड़बड़ी की है।

राहुल ने पश्चिम बंगाल में 100 से ज्यादा सीटों पर वोट चोरी होने का भी आरोप लगाया। हालांकि, ये आंकड़े और आरोप कांग्रेस के सर्वे तथा राहुल गांधी के दावों पर आधारित हैं।

ज्ञानेश कुमार को लेकर बोले- हमारे पास पर्याप्त जानकारी

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी राहुल गांधी ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, 'हमने मोदी, शाह और ज्ञानेश को घेर लिया है। उन्हें भी पता है और हमें भी। हमारे पास भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बारे में पर्याप्त जानकारी है, जिसे जल्द सार्वजनिक किया जाएगा।'

राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि आयोग में एक पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह करेंगे, जबकि तीसरे सदस्य का चयन ज्ञानेश कुमार करेंगे।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से सरकार को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं निर्धारित करने में नियंत्रण मिल सकता है।

विपक्षी गठबंधन को लेकर राहुल गांधी ने क्या कहा?

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी से पूछा गया कि वह अपने गठबंधन के सहयोगियों को क्या संदेश देना चाहते हैं।

इस पर उन्होंने कहा, 'हमारे अलायंस 100% हमारे साथ हैं। मुद्दा 850 का है। मुद्दा ये है कि किसका डेमोक्रेसी में विश्वास है। ये मैं सिर्फ अपने पार्टनर्स से नहीं, उनके पार्टनर्स जैसे जगनमोहन, चंद्रबाबू नायडू से कह रहा हूं।'

इस बयान के जरिए राहुल ने परिसीमन के मुद्दे पर अन्य राजनीतिक दलों और क्षेत्रीय नेताओं से भी अपना रुख स्पष्ट करने की अपील की।

बिल पास हुआ तो क्या करेंगे? राहुल ने दिया जवाब

जब राहुल गांधी से पूछा गया कि अगर प्रस्तावित विधेयक संसद से पास हो जाता है तो कांग्रेस क्या करेगी, तो उन्होंने कहा, 'मैं यहां क्यों हूं, ये जरूरी है। मैं देश से प्यार करता हूं, इसलिए यहां हूं। मैं सवाल उठाता रहूंगा।'

वहीं, जब उनसे पूछा गया कि उनकी चिंताएं दूर होने पर क्या वह विधेयक का समर्थन करेंगे, तो राहुल ने कहा, 'हमने जो चिंता जताई है वो सबके सामने है। मेरा सीधा कहना है कि 850 की कोई जरूरत नहीं है। 543 सीटें पर्याप्त हैं। आप जाति जनगणना कराइए। वे देश तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।'

बोले- मोदी जी देश की आत्मा पर चाकू घोंपने की कोशिश कर रहे हैं

लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों पर सवाल पूछे जाने पर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने कहा, 'डेमोक्रेसी खत्म करने की कोशिश हो रही है। मोदी जी देश की आत्मा पर चाकू घोंपने की कोशिश कर रहे हैं।'

राहुल गांधी के इस बयान के बाद परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत हैं। अब सबकी नजर संसद के विशेष सत्र पर है, जहां इन प्रस्तावों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।


संबंधित समाचार