नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले देश की राजनीति में परिसीमन और महिला आरक्षण का मुद्दा गरमा गया है। केंद्र सरकार के प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों ने अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक हुई। बैठक में राहुल गांधी समेत कई विपक्षी दलों के दिग्गज नेता शामिल हुए, लेकिन शरद पवार की पार्टी NCP (SP) इस बैठक से दूर रही।
बैठक का मुख्य एजेंडा संसद के आगामी विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयक पर विपक्ष की साझा रणनीति तैयार करना था। विपक्षी दल इस मुद्दे पर सरकार के सामने एकजुट रुख रखने की तैयारी में जुटे हैं।
परिसीमन विधेयक को लेकर खड़गे ने सरकार पर साधा निशाना
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस विधेयक के जरिए सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
खड़गे ने परिसीमन को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि प्रस्तावित व्यवस्था में इन वर्गों के प्रतिनिधित्व और अधिकारों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया है।
विपक्ष का तर्क है कि परिसीमन की प्रक्रिया में सभी राज्यों के राजनीतिक और प्रतिनिधित्व संबंधी हितों का संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
बैठक में राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता रहे मौजूद
मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित बैठक में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
प्रमुख रूप से मौजूद नेताओं में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अभिषेक बनर्जी, मनोज झा, अभय कुमार सिंह, पी. संतोष कुमार, ईटी मोहम्मद बशीर और एनके प्रेमचंद्रन शामिल रहे।
इसके अलावा कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश भी बैठक में मौजूद थे। विपक्षी दलों ने विशेष सत्र के दौरान विधेयक पर अपनी आपत्तियों और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की।
NCP (SP) बैठक से क्यों रही दूर?
इस बैठक में शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले बैठक में शामिल नहीं हुईं।
सुप्रिया सुले ने इसकी वजह अपने पिता शरद पवार की तबीयत खराब होना बताया। उन्होंने कहा कि वह सप्ताहांत में मुंबई में रहेंगी और सोमवार को संसद सत्र में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचेंगी।
हालांकि, परिसीमन विधेयक को लेकर NCP (SP) का रुख भी INDIA गठबंधन के अन्य दलों से अलग नजर आ रहा है।
परिसीमन बिल पर NCP (SP) ने रखी 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की शर्त
NCP (SP) के वरिष्ठ नेता और विधायक जितेंद्र आव्हाड ने 27 नवंबर को स्पष्ट किया था कि उनकी पार्टी प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी, लेकिन इसके लिए सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाई जानी चाहिए।
आव्हाड के मुताबिक, इस मुद्दे पर शरद पवार के साथ चर्चा के बाद पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट किया है। वहीं सुप्रिया सुले ने भी विधेयक की शर्तों और प्रावधानों के आधार पर समर्थन की बात कही है।
यही वजह है कि परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन के भीतर अलग-अलग राय सामने आ रही है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से बुलाया है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से होगी। दोनों सदनों का सत्र 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है।
इस विशेष सत्र में महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के उद्देश्य से परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पेश किए जाने की संभावना है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रावधान चर्चा में है। इसी मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक मतभेद गहराते दिखाई दे रहे हैं।
अब देखना होगा कि संसद के विशेष सत्र में विपक्षी दल कितनी एकजुटता दिखा पाते हैं और परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार की रणनीति क्या रहती है।