दिल्ली : नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को देश के सर्वोच्च पद की शपथ लेने जा रही हैं। 18 जुलाई को हुए चुनाव में उन्होंने विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराया था। । इसके साथ ही वह देश की सबसे युवा राष्ट्रपति बन जाएंगी। पहले वो राष्ट्रपति भवन पहुंचीं, जहां उन्होंने रामनाथ कोविंद और उनकी पत्नी से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन के लिए निकलने से पहले राजघाट पहुंचकर उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी थी।
मुर्मू के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में ओडिशा से 64 खास मेहमान आएंगे। शपथ के बाद खास मेहमानों के लिए लंच का आयोजन राष्ट्रपति भवन में किया गया है। उसके बाद सभी को पूरा भवन घुमाया जाएगा। मुर्मू देश की 15 वीं राष्ट्रपति होंगी जो 25 जुलाई को शपथ ले रही हैं।
कार्यक्रम
- सुबह 9:25 बजे- द्रौपदी मुर्मू गार्ड ऑफ ऑनर के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचेंगी।
- सुबह 10:10 बजे- मौजूदा राष्ट्रपति कोविंद और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के केंद्रीय कक्ष में पहुंचेंगे, जिसके राष्ट्रगान होगा।
- सुबह 10:15 बजे- मुख्य न्यायाधीश एन. वी. रमण द्रौपदी मुर्म को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे।
- 10:16 बजे- नवनिर्वाचित राष्ट्रपति को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी।
- 10:20 बजे- नवनिर्वाचित राष्ट्रपति का 25 मिनट का भाषण होगा।
- 10:45 बजे- रामनाथ कोविंद और द्रौपदी मुर्मू संसद भवन से राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगे।
- सुबह 10:50 बजे- राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में हैडिंग ओवर सेरमनी होगी।
- सुबह 11 बजे- रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति भवन से विदा होंगे।
शपथ ग्रहण के बाद दी जाएगी 21 तोपों की सलामी
द्रौपदी मुर्मू का शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह करीब सवा 10 बजे संसद के केंद्रीय कक्ष में होगा, जहां प्रधान न्यायाधीश एनवी रमणा उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद द्रौपदी मुर्मू को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। राष्ट्रपति देश की तीनों सेनाओं का सुप्रीम कमांडर होता है, इसलिए प्रत्येक नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण के बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाती है। 21 तोपों की सलामी दिए जाने के बाद राष्ट्रपति का संबोधन होगा।
खास मेहमान
मुर्मू के मेहमानों में बेटी इतिश्री, दामाद, उनकी दोनों नातिन। उनके भाई तरणीसेन टुडू और भाभी सुकरी टुडू उपरबेड़ा गांव से दिल्ली पहुंच चुके हैं। साथ ही खास मेहमानों में शामिल हैं, उनकी दोस्त-धानकी मुर्मू। धानकी भुवनेश्वर में उनके साथ कॉलेज में पढ़ती थीं। द्रौपदी के मौजूदा निवास स्थान रायरंगपुर के BJP के कार्यकर्ताओं में बिकास महतो और उनके साथ 4 और लोग समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। इसके अलावा जिले के विधायक और कुछ उनके गांव पहाड़पुर और उपरवाड़ा राजनीतिक लोग भी शामिल हैं।
सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति
मुर्मू आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली और शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति होंगी। वह राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी महिला भी हैं।