भीषण गर्मी के दौर में जहां लोगों को बिजली की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, वहीं राजधानी Raipur में घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बिना पूर्व सूचना के काटे जाने के मामले सामने आ रहे हैं। इससे आम लोगों को दिन-रात भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें बिजली कटने की जानकारी तब मिलती है, जब वे खुद शिकायत दर्ज कराने के लिए कॉल करते हैं। इसके बाद वे किसी तरह पैसे की व्यवस्था कर बिजली दफ्तर पहुंचकर बिल जमा करते हैं।
दो महीने का बिल बकाया होने पर सीधा कनेक्शन काटा
रायपुर के पंचशील नगर इलाके में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां दो महीने का बिजली बिल जमा नहीं होने पर विभाग ने सीधे कनेक्शन काट दिया। खास बात यह है कि उपभोक्ताओं को पहले कोई नोटिस या सूचना तक नहीं दी गई।
योजना के बावजूद राहत नहीं
राज्य सरकार ने बकाया बिजली बिल से परेशान उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना’ शुरू की है। इस योजना के तहत बीपीएल और अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं को बकाया राशि में छूट दी जा रही है।
इसके बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति अलग नजर आ रही है, जहां विभाग द्वारा बिना सूचना बिजली काटने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
केस 1: अचानक कटा कनेक्शन, परिवार ने झेली परेशानी
पंचशील नगर निवासी गजेंद्र नायक ने बताया कि उनके घर का करीब 1500 रुपये का बिजली बिल बकाया था, जिसे वे आर्थिक तंगी के कारण समय पर जमा नहीं कर पाए। सोमवार सुबह अचानक बिजली कर्मियों ने उनके घर का कनेक्शन काट दिया।
परिवार के किसी भी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं दी गई। जब कई घंटे तक बिजली नहीं आई, तब उन्होंने शिकायत केंद्र पर संपर्क किया, जहां से उन्हें कनेक्शन काटे जाने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पैसे का इंतजाम कर बिल जमा किया, लेकिन तब तक पूरा परिवार गर्मी से परेशान होता रहा।
केस 2: परिवार के बाहर होने पर कटा कनेक्शन
इसी इलाके की एक युवती ने बताया कि उसके घर का बिजली मीटर उसकी मां ललिता के नाम पर है और करीब 1100 रुपये का बिल बकाया था। भुगतान की अंतिम तारीख निकलने के बाद शनिवार को बिना सूचना दिए बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया।
उस समय परिवार के मुख्य सदस्य शादी में बाहर गए हुए थे। ऐसे में घर में मौजूद अन्य सदस्यों को दो दिन तक बिना बिजली के रहना पड़ा, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उपभोक्ताओं में नाराजगी, विभाग पर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि कम से कम कनेक्शन काटने से पहले उन्हें सूचना दी जानी चाहिए, ताकि वे समय रहते बिल का भुगतान कर सकें।